Wednesday, April 30, 2025
Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़: सिविल सेवा में युवाओं को प्रोत्साहित करने राज्य सरकार का सराहनीय...

छत्तीसगढ़: सिविल सेवा में युवाओं को प्रोत्साहित करने राज्य सरकार का सराहनीय कदम: सफल अभ्यर्थियों को एक लाख की प्रोत्साहन राशि…

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सिविल सेवा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक सराहनीय निर्णय लिया है। अब राज्य के वे अभ्यर्थी जो संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस घोषणा का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा परीक्षा की अंतिम चयन प्रक्रिया में आर्थिक सहायता देकर प्रेरित करना है।

राज्य सरकार के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। यह सहायता राशि “महापौर सम्मान निधि” के अंतर्गत दी जाएगी, जो प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों में निवासरत अभ्यर्थियों को ही उपलब्ध होगी। यह प्रावधान सभी वर्गों के विद्यार्थियों पर समान रूप से लागू होगा, जिससे सामाजिक न्याय और समावेशिता को बल मिलेगा।

विभाग का मानना है कि इस आर्थिक सहायता से विद्यार्थियों को साक्षात्कार और मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी में मदद मिलेगी। इससे सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में प्रदेश के युवाओं की भागीदारी और सफलता का प्रतिशत और अधिक बढ़ने की संभावना है।

गौरतलब है कि राज्य के आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा पहले से ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों को सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा पास करने पर सहायता राशि दी जाती रही है। अब यह नई योजना सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है।

राज्य में सिविल सेवा में सफलता पाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हो रहा है। हाल ही में घोषित UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में छत्तीसगढ़ के कई युवाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रायगढ़ के खरसिया की पूर्वा अग्रवाल ने 65वीं रैंक, मुंगेली के अर्पण चोपड़ा ने 313वीं रैंक, जगदलपुर की मानसी जैन ने 444वीं रैंक, अंबिकापुर के केशव गर्ग ने 496वीं रैंक और अंबिकापुर की ही शची जायसवाल ने 654वीं रैंक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है।

इस पहल से यह स्पष्ट होता है कि राज्य सरकार न केवल युवाओं की प्रतिभा को पहचान रही है, बल्कि उन्हें सशक्त और सक्षम बनाने की दिशा में ठोस प्रयास कर रही है। ऐसी योजनाएँ न केवल आर्थिक सहारा प्रदान करती हैं, बल्कि छात्रों के आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं। यह उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ से सिविल सेवा में चयन का प्रतिशत और भी ऊँचाई को छुएगा।

spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!