Monday, February 16, 2026
Homeबिलासपुरतिफरा क्षेत्र के पेंट गोदाम में भीषण आग से हड़कंप, लाखों का...

तिफरा क्षेत्र के पेंट गोदाम में भीषण आग से हड़कंप, लाखों का माल स्वाहा, महिला झुलसी, फायर सेफ्टी लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल…

बिलासपुर शहर के अंतर्गत स्थित तिफरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कैमिकल और पेंट के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची कई दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम में बड़े-बड़े 1000 लीटर के ड्रमों में ज्वलनशील कैमिकल भरे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग की वजह से आसपास के उद्योगों और दुकानों में भी दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में रेखा नामक एक महिला के घायल होने की खबर है, जिसका हाथ झुलस गया है, हालांकि उसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं हो सकी है।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गोदाम में भारी मात्रा में खतरनाक कैमिकल रखा गया था, जबकि फायर सेफ्टी के नाम पर केवल छोटे घरेलू सिलेंडर जैसे उपकरण दिखावे के तौर पर रखे गए थे।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह गोदाम “विकास पेंट” के नाम से संचालित किया जा रहा था और इसके अवैध रूप से चलने की आशंका भी जताई जा रही है। लोगों ने सवाल उठाया है कि औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किस नियम के तहत किया जा रहा था और क्या इसके लिए आवश्यक अनुमति व सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।

घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अन्य गोदामों और इकाइयों की भी फायर सेफ्टी जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की गंभीर घटनाओं को रोका जा सके।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights