बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के राजकिशोर नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके हुए पाए गए। घटना राधिका विहार कॉलोनी के सामने की बताई जा रही है। रात के सन्नाटे में जैसे ही स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके दोनों शवों पर पड़ी, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार रात में किसी तरह की हलचल, झगड़े या संदिग्ध गतिविधि की आवाज उन्हें सुनाई नहीं दी थी। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही कॉलोनी के निवासियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े किसी भी सुराग तक पहुंचा जा सके।
दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक युवक और युवती की पहचान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद परिजनों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ी जाएंगी।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जांच में सहयोग करें।
इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्यमय मौत की गुत्थी सुलझाने में अहम साबित होगी।


