बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में फर्जी पुलिस बनकर हाईवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बीट सिस्टम की सक्रियता और त्वरित पुलिस कार्रवाई से सकरी पुलिस ने ऐसे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक चालक को झूठे केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर लूटपाट कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 बोरी तंबाखू और वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा कार जब्त की है।
मामला थाना सकरी के अपराध क्रमांक 388/2026 से जुड़ा है, जिसमें आरोपियों के खिलाफ धारा 140(3), 308(5) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिद्धार्थ साहू, नारायण साहू, ईस्माईल खान और आनंद साहू उर्फ विक्रांत साहू शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के निवासी ट्रक चालक सुरेंद्र जायसवाल 210 बोरी गेहूं और 25 बोरी तंबाखू लेकर शहडोल से बिलासपुर आ रहा था। इसी दौरान हांफा के पास हाईवे स्थित एक ढाबे के समीप ट्रक खराब होने पर वह रुका था। तभी सुबह करीब 8 बजे एक कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए ट्रक की जांच शुरू कर दी।
आरोप है कि बदमाशों ने ट्रक से 9 बोरी तंबाखू उतरवा लिया और चालक को जबरन अपनी कार में बैठाकर ले गए। इसके बाद उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, चालक को छोड़ने के एवज में ट्रक मालिक से फोन पर बातचीत कर च्वाइस सेंटर के माध्यम से 8 हजार रुपये भी वसूल लिए गए।
घटना की शिकायत मिलते ही सकरी पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय चौधरी ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से हाईवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाकर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अवैध वसूली और लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद हाईवे पर सक्रिय ऐसे गिरोहों में हड़कंप मच गया है।


