बिलासपुर। पंचायत विभाग में अनुशासनहीनता और आपराधिक मामले में दोषसिद्धि के बाद जिला पंचायत ने बड़ी कार्रवाई की है। जनपद पंचायत तखतपुर की तत्कालीन पंचायत सचिव मालती लोनिया को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। जिला पंचायत बिलासपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति द्वारा पारित प्रस्ताव के परिपालन में बर्खास्तगी का आदेश जारी किया है।
मालती लोनिया के विरुद्ध दर्ज आपराधिक प्रकरण में न्यायालय द्वारा उन्हें दोषसिद्ध पाया गया था। न्यायालय की दोषसिद्धि के बाद मामला पंचायत सेवा नियमों के तहत कार्रवाई के लिए जिला पंचायत के समक्ष पहुंचा। इस मामले में जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति ने बैठक में पूरे प्रकरण पर विचार करते हुए सेवा से बर्खास्त करने का प्रस्ताव पारित किया।
समिति के प्रस्ताव के आधार पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अब औपचारिक आदेश जारी कर दिया है। आदेश के साथ ही मालती लोनिया की पंचायत सचिव के पद पर सेवा समाप्त कर दी गई है। बर्खास्तगी की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
जिला पंचायत की इस कार्रवाई को पंचायत विभाग में अनुशासन और सेवा नियमों के पालन को लेकर कड़ा संदेश माना जा रहा है। आपराधिक प्रकरण में न्यायालय से दोषसिद्धि के बाद पंचायत सेवा नियमों के तहत हुई यह कार्रवाई बताती है कि शासकीय सेवा में गंभीर मामलों को लेकर विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है।


