बिलासपुर

कांग्रेसियों ने निर्वाचन आयुक्त के नाम लिखा पत्र, कहा- मंत्री अमर के करीबी अफसर चुनाव कर सकते हैं प्रभावित, इनका तबादला कीजिए


बिलासपुर/ शहर कांग्रेस कमेटी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त रायपुर के नाम जिला निर्वाचन अधिकारी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने बिलासपुर में पदस्थ तीन अफसरों का तबादला करने की मांग की है। कांग्रेसियों का आरोप है कि ये तीनों अफसर मंत्री अमर अग्रवाल के करीबी हैं। अमर अग्रवाल आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी हो सकते हैं। इसलिए ये अधिकारी चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।

शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने शनिवार दोपहर कलेक्टोरेट पहुंचे। जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने कहा है कि आज के स्थानीय अखबारों से पता चला कि नव नियुक्त एएसपी विजय अग्रवाल की बिलासपुर में पदस्थापना की गई है। चूंकि विजय अग्रवाल स्थानीय मंत्री और नगर विधायक अमर अग्रवाल की रिश्तेदारी में है और भाजपा से अग्रवाल संभावित प्रत्याशी है। ऐसी स्थिति में बड़े ओहदे पर पदस्थापना करना निष्पक्ष चुनाव होने में संदेह है। इसलिए विजय अग्रवाल को बिलासपुर जिला में नियुक्ति न दी जाए। कांग्रेसियों का कहना है कि उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुमित अग्रवाल के रहते निष्पक्ष चुनाव होने में आशंका हैञ इन्हें भी जिला निर्वाचन कार्य से पृथक करते हुए समस्त निर्वाचन सम्बन्धी कार्यों से पृथक कर स्थानांतरित किया जाए।

कांग्रेसियों ने ज्ञापन में कहा है कि अनिल अग्रवाल नगर निगम में लंबे समय से पदस्थ हैं और निर्वाचन से सम्बंधित कार्य देखते रहे हैं। पूर्व के चुनाव में इनकी कार्यशैली संदिग्ध और संदेह के घेरे में थी, जिसकी शिकायत पूर्व में की गई थी। उनका भी स्थानांतरित किया जाए।

डिप्टी कलेक्टर दिव्या अग्रवाल को भी निर्वाचन कार्य से पृथक रखते हुए अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए। कांग्रेसियों ने मांग की है कि अधिकारी-कर्मचारी के अतरिक्त अन्य सभी अधिकारी कर्मचारी, जो लंबे समय से जिले और शहर में पदस्थ हैं, जिनकी कार्यशैली संदेह में है। उनका अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि प्रजातंत्र की व्यवस्था पर जनता और विपक्ष का विश्वास बना रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन आयुक्त भारत सरकार नई दिल्ली को भी भेजी गई है। प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष सीमा पाण्डेय, प्रदेश सचिव रविन्द्र सिंह, कार्यालय सचिव सुभाष ठाकुर, शहर उपाध्यक्ष सीमा सोनी, प्रदेश प्रवक्ता अभय नारायण राय आदि शामिल थे।

error: Content is protected !!
Latest