Advertisement
छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर: गनियारी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किया प्रदेश के पहले आजीविका अंगना का उद्घाटन, हो रहीं साढ़े 6 सौ महिलाएं फायदा…

बिलासपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज तखतपुर ब्लॉक के गनियारी में प्रदेश के पहले आजीविका अंगना (मल्टी एक्टिविटी सेंटर) का उद्घाटन किया। गनियारी स्थित आजीविका अंगना ढाई एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। जिसकी लागत करीब 3 करोड़ 68 लाख है।

गनियारी मल्टी एक्टिविटी सेंटर में महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। आंतरिक एवं बाह्य गतिविधियों में लगभग 650 महिलाएं कार्य कर रही हैं। समूह की महिलाओं द्वारा पिछले बीस दिन में लगभग 57 लाख रुपये से अधिक उत्पादन कर विक्रय किया जा चुका है। जिसमें से महिलाओँ को 20 लाख से अधिक का लाभांश प्राप्त हुआ है।

यहां पर उन्होंने डोम के अंदर सिलाई मशीन प्रशिक्षण, गणवेश निर्माण, जूट बैग निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, एलईडी बल्ब निर्माण, कांच की चूड़ी निर्माण, सेनेटरी पैड निर्माण का अवलोकन किया। बघेल ने ई रिक्शा में बैठकर डोम के बाहर संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने डोम के बाहर महिलाओं के द्वारा पेवर ब्लॉक, फ्लाई एश ब्रिक्स निर्माण, सीमेंट पोल निर्माण एवं चैन लिंक फैंसिंग निर्माण का भी निरीक्षण किया।

रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार– आजीविका अंगना (मल्टी एक्टिविटी सेंटर) का निर्माण कार्य अगस्त 2018 में शुरू किया गया। ये सेंटर रिकॉर्ड समय में एक साल में ही बनकर तैयार हो गया है। आजीविका अंगना को कार्य के हिसाब से दो भागों में विभक्त किया गया है। डोम के अंदर आंतरिक एवं डोम के बाहर बाह्य गतिविधियों में महिलाएं विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर रही हैं।

महिलाओं को मिल रहा 5 रूपये में भरपेट भोजन- आजीविका अंगना में आने वाली महिलाओं को घर से खाना लाकर आने की चिंता नहीं करनी पड़ रही है। उन्हें इसी परिसर में श्रमिक अन्न सहायता केंद्र में मात्र 5 रूपये में भोजन प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने किया सामग्री वितरण- गनियारी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो सौ महिलाओं को सुरक्षा उपकरण, सौ महिलाओं को सिलाई मशीन वितरण, सौ महिलाओं को सायकिल वितरण और पांच महिलाओं को ई रिक्शा का वितरण किया।

error: Content is protected !!