
बिलासपुर। हवाई हमले की चेतावनी, बमबारी की गूंज, आग की लपटें और चारों तरफ अफरा-तफरी का काल्पनिक मंजर…। बिलासपुर के होमगार्ड कैंप में शनिवार को कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला। हालांकि यह कोई वास्तविक हमला नहीं, बल्कि युद्ध जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए आयोजित नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल थी। इस अभ्यास में बचाव दलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए 12 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए पहुंचाने का सफल प्रदर्शन किया।
नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ मुख्यालय, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के निर्देशन और कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार आयोजित इस मॉक ड्रिल में विभिन्न विभागों ने अपनी आपातकालीन तैयारियों का प्रदर्शन किया। अभ्यास का मकसद साफ था कि यदि कभी वास्तविक हवाई हमला, बमबारी या आगजनी जैसी भयावह स्थिति पैदा हो तो प्रशासन और बचाव दल बिना किसी देरी के मोर्चा संभाल सकें।
मॉक ड्रिल की शुरुआत हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरन से हुई। सायरन बजते ही मौके पर मौजूद लोगों और प्रतिभागियों ने जमीन पर पेट के बल लेटकर दोनों हाथों से सिर और कान ढकते हुए आत्मरक्षा का अभ्यास किया। इसके बाद बमबारी के कारण आग लगने की काल्पनिक सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने तत्काल मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
वहीं, मलबे और संकटग्रस्त क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने की जिम्मेदारी एसडीआरएफ, होमगार्ड स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने संभाली। बचाव उपकरणों और स्ट्रेचर की मदद से घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया गया। इसके बाद अस्थायी चिकित्सा केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल दर्शाए गए लोगों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान विभागों के बीच तालमेल और त्वरित प्रतिक्रिया की परीक्षा ली गई।
ब्लैकआउट से परखी गई रात के हमले से निपटने की तैयारी
मॉक ड्रिल का एक अहम हिस्सा ब्लैकआउट अभ्यास भी रहा। सायरन बजते ही अभ्यास क्षेत्र की इमारतों की लाइटें, बाहरी प्रकाश व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और वाहनों की लाइटें बंद कर दी गईं। इसका उद्देश्य रात्रिकालीन हवाई हमले जैसी स्थिति में प्रकाश नियंत्रण और सुरक्षा उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट दीपांकुर नाथ ने कहा कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य नागरिकों को आपात परिस्थितियों में घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेने के लिए तैयार करना है। संकट के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की जान बचाने के लिए भी नागरिकों को जागरूक होना जरूरी है। ऐसे अभ्यास से बचाव दलों की कार्यक्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया और विभागीय समन्वय मजबूत होता है।
मॉक ड्रिल में अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ, होमगार्ड, पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स, स्वास्थ्य विभाग और आम नागरिकों ने भागीदारी निभाई। इस अभ्यास ने यह संदेश दिया कि आपदा कभी चेतावनी देकर नहीं आती, लेकिन समय रहते की गई तैयारी कई जिंदगियां बचा सकती है।

