Advertisement
नगर निगमबिलासपुर

बिलासपुर: महापौर रामशरण यादव बोलें…जीवनदायिनी अरपा को बनाना है सरस सलिल और शहर का होगा विकास ही विकास…

बिलासपुर। बुधवार को महापौर रामशरण यादव ने टाउन हॉल में विधिवत पूजा- अर्चना और विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आरती करने के बाद कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की जीवनदायिनी अरपा नदी को सरस-सलिल बनाने के साथ सम्पूर्ण निगम क्षेत्र के विकास के लिए सतत कार्य करने की बात कही।

बुधवार की दोपहर 3:00 बजे से महापौर रामशरण यादव द्वारा कार्यभार ग्रहण करने कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान सबसे पहले मेयर कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना करने के बाद प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आरती रामशरण यादव व सभापति शेख नजीरुद्दीन ने की। विधिवत पूजन अर्चना करने के बाद महापौर रामशरण यादव ने टाउन हॉल कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामशरण यादव ने कहा कि यहां सभी निगम से जुड़े पार्षद अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसलिए सभी निगम का भी प्रतिनिधित्व करते हैं। हम सभी को एक साथ मिलकर संपूर्ण शहर विकास के लिए कार्य करना होगा। इस दौरान उन्होंने निगम क्षेत्र में शामिल सभी ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय के जनप्रति निधियों से नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए पूर्ण सहयोग करने की अपील की। उन्होंने सभी के सहयोग से शहर की जीवनदायिनी अरपा नदी को साल भर सरस सलिल बनाने के साथ संपूर्ण निगम क्षेत्र के चहुमुखी विकास करने की बात कही। सभापति शेख नजीरूद्दीन ने कहा कि हम सभी शहर का सकारात्मक ढंग से विकास करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान उन्होंने शहर के सभी वार्ड और क्षेत्र के लिए डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट सहित बुद्धिजीवियों की एक समिति बनाने और शहर के विकास के लिए समिति के सुझाव के अनुसार कार्य करने की बात कही।उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर कार्य करने में शहर विकास के कार्य में सहयोग करने की बात कही। कार्यक्रम में शहर विधायक शैलेश पाण्डेय और तखतपुर विधायक रशिम सिंह ने सभी के सहयोग से शहर के सतत विकास में कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षद एवं जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह में सीएम होंगे शामिल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस महामंत्री अटल श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में महापौर रामशरण यादव का शपथ ग्रहण समारोह पुलिस ग्राउंड में 10 जनवरी दोपहर 3:00 बजे से आयोजित होगा। उन्होंने शहर के सभी पार्षदों को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही।

कमिश्नर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया अभिवादन

कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान पहुंचकर कमिश्नर प्रभाकर पाण्डेय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर रामशरण यादव का अभिवादन किया। इस दौरान उन्होंने सभी के मार्गदर्शन से शहर के विकास के लिए सतत कार्य करने की बात कही।

error: Content is protected !!