छत्तीसगढ़राजनीति

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर कांग्रेस का बड़ा आंदोलन कल से: राजेंद्र शुक्ल की मौत को बताया ‘मेडिकल मर्डर’…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं की गिरती हालत के खिलाफ कांग्रेस ने सरकार को घेरने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। आज, 2 मई को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के नेतृत्व में “स्वास्थ्य न्याय यात्रा” की शुरुआत हो रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलना और आम जनता के हक की लड़ाई लड़ना है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं निचले स्तर पर पहुँच चुकी हैं। शहरों में योग्य डॉक्टरों की भारी कमी है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में अस्पतालों की स्थिति चरमरा गई है। राज्य सरकार न तो डॉक्टरों की भरती कर पा रही है और न ही चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त कर पा रही है।

निजी अस्पतालों में फर्जी डॉक्टरों का बोलबाला

कांग्रेस के आरोपों के अनुसार, बिलासपुर स्थित अपोलो हॉस्पिटल सहित अन्य निजी अस्पतालों में फर्जी डिग्रीधारी डॉक्टर खुलेआम मरीजों का इलाज कर रहे हैं। विदेशों से पढ़ाई कर लौटे तथाकथित डॉक्टर बिना आवश्यक परीक्षा पास किए सीधे प्रैक्टिस में लग गए हैं। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि मरीजों की जान से भी सीधा खिलवाड़ है।

स्वर्गीय राजेंद्र शुक्ल की मौत को बताया ‘मेडिकल मर्डर’

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी और शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने आरोप लगाया कि अपोलो अस्पताल की लापरवाही के कारण पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शुक्ल की मृत्यु हुई, जिसे उन्होंने “मेडिकल मर्डर” करार दिया। उन्होंने मांग की कि अपोलो समूह के उच्च अधिकारियों पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

स्वास्थ्य न्याय यात्रा का उद्देश्य

कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक नहीं बल्कि जनहित से जुड़ा है। यात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर सरकार की कथनी और करनी को उजागर किया जाएगा। कांग्रेस का यह आंदोलन केवल एक दिन का नहीं होगा बल्कि समय-समय पर सरकार की उदासीनता के खिलाफ यह यात्रा चलती रहेगी।

राज्य और केंद्र सरकार दोनों निशाने पर

कांग्रेस ने केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा है। अपोलो अस्पताल को कोल मंत्रालय के अधीन एसईसीएल द्वारा अनुदान दिया जा रहा है और छत्तीसगढ़ सरकार ने उसे जमीन सस्ते दामों में दी है, लेकिन अस्पताल में न तो सरकारी योजनाएं लागू हो रही हैं और न ही जरुरतमंदों को सही इलाज मिल रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यह जनता की खुली लूट है और सरकारें मूकदर्शक बनी हुई हैं।

आंदोलन की अगली कड़ी होगी बिजली-पानी संकट पर

विजय केशरवानी ने बताया कि स्वास्थ्य मुद्दे के बाद जिले में बिजली और पानी की किल्लत को लेकर भी एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। यह कांग्रेस का जनता के हक के लिए संघर्ष है, जिसे हर मंच पर उठाया जाएगा।

स्वास्थ्य न्याय यात्रा में बड़े नेता होंगे शामिल

इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, और अन्य वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

Latest