क्राइम

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से दिल दहला देने वाली खबर:  हॉस्टल में रहने वाले सेकेंड ईयर छात्र ने खुद को लगाई आग, सिम्स से अपोलो किया गया रेफर…

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय में सेकेंडियर (सेकेंड ईयर) में अध्ययनरत छात्र आयुष यादव ने अज्ञात कारणों से आत्मदाह करने का प्रयास किया। घटना के बाद से विश्वविद्यालय परिसर और शहर में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष यादव उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वह बिलासपुर में एक प्राइवेट हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। आत्मदाह के प्रयास के बाद उसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि छात्र लगभग 70-80 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र से पूछताछ के बाद जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस छात्र के परिजनों से संपर्क करने के साथ-साथ हॉस्टल और विश्वविद्यालय से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर छात्रों के मानसिक दबाव, शैक्षणिक तनाव और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

error: Content is protected !!
Latest