Monday, February 2, 2026
Homeक्राइमचाइल्ड हेल्पलाइन की सूचना पर हरकत में आई पुलिस, चार वर्षीय बच्चे के...

चाइल्ड हेल्पलाइन की सूचना पर हरकत में आई पुलिस, चार वर्षीय बच्चे के साथ क्रूरता का मामला, आरोपी महिला गिरफ्तार…

बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने एक हृदयविदारक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार वर्षीय मासूम बच्चे को प्रताड़ना से मुक्त कराया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सूचना पर की गई, जिसमें बताया गया था कि करगीरोड कोटा के वार्ड क्रमांक 01, राममंदिर चौक के पास एक बच्चे को उसकी कथित गोदनामा माता द्वारा लगातार गाली-गलौज, मारपीट एवं शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है।

दिनांक 27 नवंबर 2025 को प्राप्त इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक निर्देश जारी किए। निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोटा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। टीम ने बच्चे की हालत, चोटों एवं प्रताड़ना के प्राथमिक तथ्यों की पुष्टि की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोटा पुलिस ने आरोपिया राजकुमारी भैना, पति स्व. राजकुमार भैना, उम्र 34 वर्ष, निवासी पड़ावपारा, राममंदिर के पास, कोटा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 एवं किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम ने तत्काल बच्चे को प्रताड़ना से मुक्त कर संबंधित विभाग की सहायता से सुरक्षित स्थान पर उपचार, संरक्षण एवं देखरेख हेतु भेजा है। फिलहाल बच्चे की स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय और मनोवैज्ञानिक देखरेख की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

इस संवेदनशील मामले को उजागर करने और त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक मीना ठाकुर, म.आर. दीपिका लोनिया, आर. दीप सिंह एवं आरक्षक प्रफुल्ल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights