Wednesday, March 11, 2026
Homeबिलासपुरईरान युद्ध के बीच एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सतर्क, कलेक्टर ने ली...

ईरान युद्ध के बीच एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सतर्क, कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक—बोले: घबराने की जरूरत नहीं, जिले में गैस पर्याप्त…

बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान युद्ध से बनी परिस्थितियों के बीच घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिले में एलपीजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिले में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण करने की जरूरत नहीं है।

बैठक के दौरान कलेक्टर अग्रवाल ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और वर्तमान में जिले में किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। हालांकि मौजूदा हालात को देखते हुए होटल और उद्योगों में व्यावसायिक उपयोग के लिए दिए जाने वाले गैस सिलेंडरों की आपूर्ति फिलहाल रोक दी गई है। वहीं अस्पतालों और स्कूलों को उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का किसी भी प्रकार से व्यावसायिक उपयोग न होने दें। साथ ही वितरण व्यवस्था की निगरानी स्वयं एजेंसी संचालक करें और इसे केवल कर्मचारियों के भरोसे न छोड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को सिलेंडर देने या ब्लैक मार्केटिंग जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।

बैठक में बताया गया कि जिले में घरेलू गैस के लगभग 4.80 लाख कनेक्शन हैं। तीन ऑयल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से इन उपभोक्ताओं को सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, जिनमें से 22 वितरक केवल बिलासपुर शहर में संचालित हैं। वर्तमान में जिले में प्रतिदिन करीब 5 हजार गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है और पिछले 10 दिनों से इसी दर से आपूर्ति जारी है।

इसके साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। बैठक में गैस वितरकों ने शहर में लागू नो-एंट्री प्रतिबंध से राहत देने की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक में आकर गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू, गैस वितरक संघ के जिला अध्यक्ष सुभाष जायसवाल सहित जिले के सभी गैस वितरक मौजूद रहे।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights