बिलासपुर, 28 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में उत्पन्न हो रहे तनावपूर्ण हालातों को देखते हुए बिलासपुर संभाग में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत संभागीय कमिश्नर सुनील जैन और आईजी रामगोपाल गर्ग ने मंथन सभाकक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर हालात की गहन समीक्षा की और कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित तेल कंपनियों के अधिकारियों, डीलरों व वितरकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ किया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का स्थानीय स्तर पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े, इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
कमिश्नर सुनील जैन ने पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस, उर्वरक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पूरे संभाग में इनकी सप्लाई निर्बाध बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्थिति में कमी की स्थिति नहीं बननी चाहिए और आपूर्ति व्यवस्था लगातार मॉनिटर की जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान हालात में अफवाहें सबसे बड़ा खतरा बन सकती हैं। इसलिए आम जनता तक सही और प्रमाणिक जानकारी समय पर पहुंचाई जाए। सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक खबरों पर कड़ी नजर रखी जाए और उनका तत्काल खंडन किया जाए।
प्रशासन ने राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 1800-233-3663 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं, ताकि आम नागरिक किसी भी समस्या या सूचना को तुरंत साझा कर सकें। साथ ही जिला स्तर पर भी कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
कमिश्नर ने कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की अवैध बिक्री या स्टॉकिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा उर्वरकों की होल्डिंग पर रोक लगाते हुए किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों और रेलवे जैसी आवश्यक सेवाओं में ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से सीमावर्ती चेक पोस्टों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस के परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए और अवैध रूप से कंटेनरों में ईंधन बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
बैठक में तेल कंपनियों के अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि वर्तमान में संभाग में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
अंत में कमिश्नर और आईजी ने सभी विभागों को समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और हर हाल में आवश्यक सेवाएं सुचारू बनी रहनी चाहिए।


