बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र की जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक ट्रक के नीचे जा फंसी और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इस भीषण हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। ग्राम जूनापारा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंस गई और घिसटते हुए कुछ दूरी तक चली गई। हादसे में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क पर बिखरी मौत, मच गई चीख-पुकार
भीषण दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तो सड़क पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और तीन युवकों के शव पड़े थे। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी प्रभारी भुनेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के गांवों में उनके हुलिए और मोटरसाइकिल के आधार पर पहचान कराने में जुटी है। पहचान होने के बाद पुलिस परिजनों से संपर्क कर आगे की कार्रवाई करेगी।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। अब पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। घटनास्थल से लेकर मुख्य मार्ग तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रास्ते में आने वाले ढाबों और अन्य संभावित स्थानों से भी ट्रक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के जरिए फरार चालक तक जल्द पहुंचा जा सकेगा।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही के खतरनाक परिणाम सामने ला दिए हैं। एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की एक साथ मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।


