बिलासपुरराजनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी का बिलासपुर में करारा विरोध, सड़क पर उतरी भाजपा; खरगे के पुतले का किया दहन…

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पर भाजपा और युवा मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर जताया कड़ा विरोध; दीपक सिंह ठाकुर और वैभव गुप्ता ने सार्वजनिक जीवन में शालीनता बनाए रखने की दी नसीहत

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा सार्वजनिक कार्यक्रम में कथित तौर पर की गई अभद्र और अमर्यादित बयानबाजी को लेकर बिलासपुर की सियासत गरमा गई है। विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक, पुराना बस स्टैंड पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए खरगे का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और राजनीतिक विरोध के नाम पर भाषा की मर्यादा लांघने पर सवाल उठाए गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों नागरिकों के विश्वास और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। ऐसे जननेता के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति और सोच पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद और सरकार की आलोचना करना प्रत्येक राजनीतिक दल का अधिकार है। विपक्ष सरकार की नीतियों पर सवाल उठा सकता है, जनता के मुद्दे उठा सकता है और अपनी असहमति भी दर्ज करा सकता है, लेकिन आलोचना के नाम पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं के वक्तव्यों का व्यापक प्रभाव पड़ता है, इसलिए उनसे संयमित और शालीन आचरण की अपेक्षा की जाती है।

दीपक सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से काम किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सम्मान और सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक संवाद की गरिमा बनाए रखने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराते रहेंगे।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान और देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के लिए युवा मोर्चा प्रतिबद्ध है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति से जिम्मेदार और मर्यादित भाषा की अपेक्षा की जाती है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल स्वस्थ लोकतांत्रिक संवाद की परंपरा के अनुरूप नहीं है।

बिलासपुर में हुए इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की। पुतला दहन और नारेबाजी के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने मांग की कि राजनीतिक दलों के नेता सार्वजनिक मंचों से बयान देते समय भाषा की मर्यादा और अपनी जिम्मेदारी का ध्यान रखें। इस घटनाक्रम ने राजनीतिक बयानबाजी के स्तर और लोकतांत्रिक संवाद में शालीनता की जरूरत को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

पुतला दहन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, प्रदीप शुक्ला, गौरी गुप्ता, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव गुप्ता, देवेंद्र पाठक, नितिन पटेल, नीलेश सिंह ठाकुर, महर्षि बाजपेयी, अमित सिंह, राहुल सिंह, अमर सिंह राजपूत, देवासीस दत्ता, साहिल कश्यप, तनुज वोहरा, संदीप श्रीवास, अनिश गुप्ता, स्वर्णिम तिवारी, साहिल भाभा, अरुण लाश्कर, मोनू मिश्रा, मनीष यादव, आयुष चतुर्वेदी, तेजस सिंह राजपूत, आयुष मेहता, जितेंद्र सूर्यवंशी, सन्नी वाधवानी, राहुल महन्ती, गुलशन खण्डेकर, अरुज मिश्रा, अशोक राजपूत और प्रिंश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Latest