
बिलासपुर। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है और इसी वोट की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने अब जनजागरण की मुहिम तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अंतर्गत सिरगिट्टी मंडल में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों, वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग पर तीखे सवाल उठाए।
जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी गंभीर चिंताएं जताई गईं। कांग्रेस ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक के वोट की सुरक्षा और उसकी स्वतंत्र अभिव्यक्ति सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो यह देश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक नागरिक को बिना किसी दबाव और भेदभाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का संवैधानिक अधिकार है। यदि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के वोट की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का जनअभियान है।
मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और घर-घर जाकर आम नागरिकों को जागरूक करना होगा। मतदाता सूची में अपना नाम जांचने, किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर आवाज उठाने और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश हर नागरिक तक पहुंचाना जरूरी है।
जन चौपाल के समापन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के लिए यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वोट की ताकत को लेकर जनता को जागरूक करना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाना उसकी प्राथमिकता रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, मंडल प्रभारी शाहनवाज खान, मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे सहित पार्षद पुष्पेंद्र साहू, पवन साहू, राकेश यादव, महेश ठाकुर, अमित यादव, सुनील पांडेय, गोविंद यादव, नागेश ध्रुव, अनूप सिन्हा, अरुण नथानी, शैलेश सेंगर, बलराम जायसवाल, लक्ष्मण ध्रुव, सूरज मरकाम, बंटी सोनी, फरजाना खान, जमुनावती बंजारे, राजेश कोशले, अक्षय नवरंग, रामू राव, वेद रात्रे, दिनेश यादव, रवीन्द्र डाहीरे, असीम दास, संतोष यादव, मुन्ना यादव, बाला दास, दीपक शुक्ला, छोटा यादव, अश्वनी राजपूत, रमाकांत साहू, एलके लाड़िया, ललित ठाकुर, गोपी कौशिक, मुकेश खरे, रमाकांत ठाकुर एवं दौलत साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

