
बिलासपुर। राह चलते युवक को रोकना, आंखों में मिर्ची पाउडर झोंकना और फिर चाकू की नोक पर बाइक व मोबाइल लूटकर फरार हो जाना। कोटा थाना क्षेत्र के गतवा रेलवे फाटक के पास अपराधियों ने लूट की ऐसी ही दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के सामने आरोपियों की चाल ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर कोटा पुलिस ने मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर बाइक, ओप्पो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खुरदुर निवासी शिवम कुमार ध्रुव 11 नवंबर 2026 को अपने दोस्त के घर ग्राम दवनपुर में लक्ष्मी विसर्जन देखने गया था। कार्यक्रम से वापस लौटते समय वह अपनी एनएस पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CC 2726 से गतवा रेलवे फाटक के पास पहुंचा। इसी दौरान तीन-चार युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इससे पहले कि युवक कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका ओप्पो मोबाइल, पल्सर मोटरसाइकिल तथा एक हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
अचानक हुए इस हमले से पीड़ित युवक घबरा गया। आरोपियों ने आंखों में मिर्ची डालकर उसे विरोध करने लायक नहीं छोड़ा और इसी का फायदा उठाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर कोटा पुलिस ने धारा 126(2), 296, 351(3), 308(4), 309(4) एवं 310(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू पिता रामलाल साहू (19 वर्ष), निवासी पड़ावपारा वार्ड क्रमांक 01 कोटा तथा तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एनएस पल्सर मोटरसाइकिल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया है। मुख्य आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल, दीप सिंह कंवर एवं विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोटा क्षेत्र में राहगीर को निशाना बनाकर अंजाम दी गई इस वारदात ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए थे। हालांकि, पुलिस ने शिकायत मिलते ही सक्रियता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़कर लूट का सामान बरामद कर लिया।

