क्राइमबिलासपुर

बैंक के 11 एसी के कॉपर पाइप पर चोर ने किया हाथ साफ, 50 हजार का माल पार; सिविल लाइन पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा आरोपी

बिलासपुर में चोरी की वारदात का पुलिस ने किया त्वरित खुलासा, बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था आरोपी; चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद

बिलासपुर। शहर में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई के बीच सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक ऐसी चोरी का खुलासा किया है, जिसमें चोर ने बैंक के पीछे लगे एक-दो नहीं, बल्कि 11 एसी के आउटर के कॉपर पाइप ही पार कर दिए। करीब 50 हजार रुपये कीमत के कॉपर पाइप चोरी कर आरोपी बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। खास बात यह रही कि शिकायत दर्ज होने के महज चंद घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मानस रंजन (40 वर्ष), निवासी श्रीराम टावर, व्यापार विहार मार्ग ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 4 नवंबर 2026 को ड्यूटी समाप्त होने के बाद बैंक बंद कर घर चले गए थे। 6 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे जब वे बैंक पहुंचे और परिसर के पीछे पार्किंग की ओर लगे एसी के आउटर की जांच की, तो 11 एसी यूनिट के कॉपर पाइप गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। अज्ञात चोर बैंक परिसर में लगे इन पाइपों को काटकर ले गया था। चोरी गए कॉपर पाइपों की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई।

मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1508/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद तत्काल आरोपी की पतासाजी कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

निर्देश मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लिल्ली माथुर नाम का युवक चोरी के कॉपर पाइप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए कॉपर पाइप बरामद कर विधिवत जब्त किए गए। आरोपी की पहचान अभिषेक माथुर उर्फ लिल्ली (19 वर्ष), पिता अशोक उर्फ गौतम माथुर, निवासी बीजाभाठा, कवर्धा, हाल मुकाम संजय नगर तालापारा, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बैंक जैसे संस्थान में लगे 11 एसी के कॉपर पाइप एक साथ चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का पूरा सामान बरामद हो गया और आरोपी भी गिरफ्त में आ गया।

error: Content is protected !!
Latest