Saturday, March 14, 2026
Homeछत्तीसगढ़ मंत्री रविंद्र चौबे ने रतनपुर में लिया संकल्प शिविर...कोटा विधानसभा हारने का...

 मंत्री रविंद्र चौबे ने रतनपुर में लिया संकल्प शिविर…कोटा विधानसभा हारने का छलका दर्द…कहा- लग गया काला धब्बा…

बिलासपुर/ जल संसाधन, कृषि मंत्री और बिलासपुर-मुंगेली जिले प्रभारी मंत्री रविंद्र चौबे ने रतनपुर के संकल्प शिविर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की खूब नब्ज टटोली। बिलासपुर लोकसभा सीट में सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस का झंडा लहराने के लिए काम करने की नसीहत दी। विधानसभा चुनाव में कोटा में हार का दर्द उनकी जुबां पर आ गया। उनका कहना था कि पूरे प्रदेश में कोटा ही एक ऐसी सीट थी, जहां कांग्रेस कभी नहीं हारी। हम गर्व से कहते थे कि कोटा सीट तो हमारा है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस की आंधी थी, तूफान था, पर पहली बार हम कोटा हार गए। इसके साथ ही हमारे माथे पर काला धब्बा, काला टीका लग गया। यह क्यों लगा, इस पर हमें और आपको गौर करना है।

प्रभारी मंत्री चौबे ने कहा कि पूरे प्रदेश में बिलासपुर लोकसभा में कांग्रेस कमजोर दिख रही थी, लेकिन ऐन समय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह कमजोरी दूर कर दी। उनकी मौजूदगी में जोगी कांग्रेस के सियाराम, चंद्रभान बारमते, संतोष कौशिक समेत पांच प्रत्याशियों ने घरवापसी की। अब हम कह सकते हैं कि बिलासपुर लोकसभा सीट में भी हम मजबूत हो गए हैं। अब सिर्फ आपको बिलासपुर लोकसभा सीट कैसे भी कांग्रेस की झोली में आए, उस पर काम करना है।

हिंदुस्तान की कोई सरकार नहीं कर सकी, वो आपकी सरकार ने कर दिखाया

प्रभारी मंत्री चौबे ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के दो महीने की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का बजट 93 हजार करोड़ का था। सत्ता संभालते ही कांग्रेस सरकार ने सबसे पहले 18 हजार करोड़ रुपए की धान खरीदी की। फिर किसानों के करीब 6 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया। यह न तो नरेंद्र मोदी, न तो रमन सिंह और हिंदुस्तान की किसी सरकार ने किया। यह कर दिखाया तो आपकी सरकार ने। किसानों की सरकार ने। नक्सल क्षेत्र का भी 5 हजार करोड़ माफ किया गया है। इस तरह से 11 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया।

रमन ने जो 15 साल में नहीं किया, वो हमने सत्ता में आते ही किया

प्रभारी मंत्री चौबे ने मंच से प्रदेश की पूर्व की रमन सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि 93 हजार करोड़ के बजट में पहली बार रमन सरकार ने धान का समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 2100 रुपए देने का वादा किया था। प्रदेश में 15 साल तक राज किया। इससे पहले क्यों नहीं किया। हमने घोषणा पत्र में 25 सौ रुपए समर्थन मूल्य देने का वादा किया था और सत्ता में आते ही तुरंत उस पर अमल कर दिया। 25 सौ रुपए समर्थन मूल्य पहली बार नहीं मिल रहा है। यह तो शुरुआत है। जब तक आप लोगों का आशीर्वाद मिलता रहेगा, तब तक प्रति क्विंटल धान का समर्थन मूल्य 25 सौ रुपए मिलता रहेगा।

छग के विकास के लिए केंद्र में राहुल की सरकार बनानी है

प्रभारी मंत्री चौबे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक काम किया जाएगा। इसके लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। सिंचाई का प्रतिशत बढ़ाना है। बेरोजगार युवाओं को रोजगार देना है। गांवों का विकास करना है। पंचायत राज संस्थाओं को मजबूत करना है। महिलाओं के लिए काम करना है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करना है। यह सब तभी संभव हो पाएगा, जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार होगी। राहुल गांधी की सरकार होगी। इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में राहुल की सरकार बनानी है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights