Advertisement
छत्तीसगढ़राजनीति

‘छत्तीसगढ़ सरकार की औकात नहीं’, मंत्री TS सिंहदेव का वीडियो वायरल, पूर्व CM रमन ने बताया ‘मिस्टर बंटाधार’…

छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारी केंद्र के समान 34% डीए और एचआरए को लेकर अड़े हैं। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मंत्री टीएस सिंहदेव के वीडियो ने बवाल मचा दिया है। सिंहदेव ने कहा कि सरकार की देने की औकात नहीं है। मंत्री के इस बयान ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका दे दिया। वित्तीय प्रबंधन पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोला। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- कांग्रेस सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री खुद कह रहे हैं। सरकार के पास पैसे देने की औकात नहीं है! भूपेश बघेल के कुप्रबंधन ने छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबोकर दिवालिया कर दिया है। न वेतन देने के पैसे हैं, न ही घोषणा पत्र के वादे पूरे करने के। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के मिस्टर बंटाधार हैं!

पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस

सिंहदेव के वीडियो साझा किया है। दरअसल, महंगाई भत्ता और गृह भाड़ा भत्ता बढ़ाने की मांग लेकर हड़ताल कर रहे कर्मचारियों का एक समूह सरगुजा में स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव से मिलने पहुंचा था। उन्होंने आंदोलन के लिए समर्थन मांगा। सिंहदेव ने डीए पर कहा कि सरकार के पास पैसा हो तब तो देंगे। आपको 5 से 6 हजार करोड़ रुपये देने का बन रहा है। सरकार की 5-6 हजार करोड़ रुपये देने की औकात ही नहीं है। अभी 40 हजार करोड़ तो आपको मिल रहा है। अब आप कह रहे हो कि 6 हजार करोड़ और चाहिए। आज के दिन यह स्थिति नहीं है। टीएस सिंहदेव ने यह भी कहा कि अभी नियमितिकरण करना है। उसमें भी खर्चा आएगा। आप लोगों के लिए अभी और काम भी तो करना है।

केंद्र सरकार के पास 20 हजार करोड़ लंबित: सिंहदेव

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का वीडियो वायरल होने पर बवाल मचा गया। भाजपा के नेता इस वीडियो को वायरल करते रहे। इधर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के ट्वीट का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लिखा- शब्दों के चयन में मुझसे बड़ी त्रुटि हुई है, जिस पर मैं खेद व्यक्त करता हूं। मगर छत्तीसगढ़ सरकार को और अधिक खर्च करने में केंद्र सरकार का आर्थिक असहयोग बाधा बना हुआ है। सिंहदेव ने कहा कि आज केंद्र सरकार के पास छत्तीसगढ़ की जनता के 20000 करोड़ से अधिक राशि लंबित है। कृपया प्रदेशवासियों के हक में इसके लिए आप भी सहयोग करें।

error: Content is protected !!