शिक्षा

CG NEWS: एडमिशन इन कॉलेज: ऑनलाइन आवेदन न कर पाने वाले छात्र ऑफलाइन ले सकते हैं प्रवेश, जानिए पूरी डिटेल…

CG News: Admission in colleges: Students who are not able to apply online can take admission offline, know full details...

  • कॉलेजों में BA, B.Sc, B.Com समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश जारी।
  • विद्यार्थी संबंधित कॉलेज में पहुंचकर ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन।
  • शिक्षा विभाग की तरफ से 16 अगस्त तक बढ़ाई गई है प्रवेश की तिथि।

Admission in College: रायपुर। कॉलेजों में बीए बीएससी बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश जारी है। उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से 16 अगस्त तक प्रवेश की तिथि बढ़ाई गई है। पहले प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई थी। कॉलेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने और छात्रों की मांग पर उच्च शिक्षा विभाग ने प्रवेश की तिथि को बढ़ाया है। जो विद्यार्थी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए हैं, उन्हें भी ऑफलाइन प्रवेश दिया जा रहा है। विद्यार्थी संबंधित कॉलेज में पहुंचकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। सीट खाली रहने पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय के पोर्टल में आवेदन मंगवाए गए थे। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित कॉलेजों को प्रेषित किया। कॉलेज प्रबंधन मेरिट लिस्ट बनाकर प्रवेश देता है, लेकिन इस समय विश्वविद्यालय का पोर्टल बंद कर दिया गया है। इस वजह से ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन आवेदन के माध्यम से छात्रों को प्रवेश दिया जा रहा है।

बीए, बीएससी मैथ्स की सीटें खाली
शहर के शासकीय कॉलेजों में बीए, बीकॉम, बीएससी बॉयो की सीटें लगभग भर गई है। वहीं बीएससी मैथ्स की सीटें खाली है। वहीं निजी कॉलेजों में बीए की भी सीटें खाली है। बीकॉम की सीटें अधिकतर कॉलेजों की भर गई है। माना स्थित नवीन शासकीय कालेज में बीए, बीएससी, बीकॉम सभी कक्षाओं की सीटें खाली है। विद्यार्थी यहां पर आकर प्रवेश ले सकते हैं। जानकारों की माने तो इस वर्ष बीएससी मैथ्स की सीटें प्रदेशभर में खाली है। बहुत कम छात्रों ने बीएससी मैथ्स में प्रवेश लिए है। वही बीएससी बॉयो, बीएससी कंप्यूटर साइंस की सीटें भर गई है।

वार्षिक की जगह होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से शैक्षणिक सत्र 2024-25 से स्नातक प्रथम वर्ष में राष्ट्रीय शिक्षा नीति(एनईपी)2020 लागू कर दी है। एनईपी के तहत बहुत सारे बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव परीक्षा प्रणाली पर हुआ है। वार्षिक की जगह अब सेमेस्टर परीक्षाएं होगी। इसके अलावा भी बहुत सारे बदलाव हुए हैं। वहीं द्वितीय और तृतीय वर्ष में एनईपी लागू नहीं होगी। इन कक्षाओं की परीक्षाएं पहले जैसे वार्षिक ही होगी।

16 को होगी ओपन काउंसिलिंग
कॉलेजों में 16 अगस्त को ओपन काउंसिलिंग की जाएगी। खाली सीटों पर छात्रों को पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर प्रवेश दिए जाएंगे। जिन विद्यार्थियों को अभी प्रवेश नहीं मिला, वो अंतिम दिन कॉलेज पहुंचकर प्रवेश से संबंधित जानकारी ले सकते हैं। सीट खाली रहने पर उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। वहीं आरक्षित वर्ग के विद्यार्थी नहीं मिलने पर इन सीटों को भी अनारक्षित वर्ग में बदलकर प्रवेश दिया जाएगा।

error: Content is protected !!
Latest