Homeक्राइमबिलासपुर में गाय के बछड़े को कुचलने वाले आरोपी पर पुलिस की...

बिलासपुर में गाय के बछड़े को कुचलने वाले आरोपी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हैरियर कार समेत गिरफ्तार…

बिलासपुर। गाय के बछड़े को तेज रफ्तार कार से कुचलने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी पहचान कर ली। आरोपी की कार को भी जब्त कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 10 जुलाई को शाम करीब 5:30 बजे की है। प्रार्थी मोहित यादव (24 वर्ष), निवासी यादव मोहल्ला टिकरापारा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नारियल कोठी रोड, रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने तेज और लापरवाही से काली रंग की हैरियर कार चलाते हुए एक गाय के बछड़े को टक्कर मार दी। इस हादसे में बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रकरण में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 357/25 धारा 281, 325 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में जांच को आगे बढ़ाया गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसके आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई।

मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान जितेन्द्र कुशवाहा (पिता – वीरेंद्र कुमार कुशवाहा, उम्र 37 वर्ष) के रूप में हुई, जो मधुबन रोड, दयालबंद अटल आवास, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर का निवासी है। उसे दबिश देकर हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की काली रंग की हैरियर कार (क्रमांक CG 10 BP 9908) को भी जब्त कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में प्रआर विनोद यादव, गोकुल जांगड़े, धीरेंद्र सिंह, राहुल जगत और नवल पैकरा की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से आमजन में कानून के प्रति विश्वास और गहरा हुआ है। वहीं, पशुओं के साथ हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस की संवेदनशीलता भी इस कार्रवाई से सामने आई है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts