क्राइम

पुलिस महकमे को लगा बड़ा झटका: थाना प्रभारी की करंट लगने से दर्दनाक मौत, सरकारी आवास पर हुआ हादसा, विभाग में छाया शोक…

जशपुर, 27 जुलाई 2025 – छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के लिए रविवार का दिन एक गहरी पीड़ा लेकर आया, जब जशपुर जिले के नारायणपुर थाना प्रभारी रामसाय पैंकरा की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र के सुरगांव स्थित उनके सरकारी आवास में उस समय हुआ जब वे हाल ही में संपन्न हुए रिफ्रेशर कोर्स के बाद घर लौटे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीपेज के कारण फैले करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे घर में कुछ सामान्य कार्य कर रहे थे और वहां फैले करंट से अंजाने में संपर्क हो गया।

इस अप्रत्याशित हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह ने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक कर्तव्यनिष्ठ, कर्मठ और अनुशासित अधिकारी बताया। उनके साथ कार्य कर चुके अधिकारी और जवान स्तब्ध हैं और पूरे जिले में शोक का माहौल है।

स्व. रामसाय पैंकरा का जन्म 2 जनवरी 1964 को हुआ था। उन्होंने अपने पुलिस करियर की शुरुआत 1 जून 1983 को मध्यप्रदेश के जिला खरगोन में आरक्षक पद से की थी। तत्पश्चात वे वर्ष 1995 में प्रधान आरक्षक, 2004 में एएसआई, 2009 में सब इंस्पेक्टर और अंततः 2014 में निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए।

वे वर्तमान में जशपुर जिले के नारायणपुर थाना प्रभारी के रूप में सेवाएं दे रहे थे और अगले वर्ष फरवरी 2026 में उनका सेवानिवृत्त होना प्रस्तावित था। इसके पहले वे पुलिस मुख्यालय द्वारा चंदखुरी में आयोजित 7 दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स में शामिल होने गए थे, जिसके बाद वे 27 जुलाई को अपने घर लौटे थे।

इस हादसे ने सरकारी भवनों की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा किया है। अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाहियों से कोई जान न जाए।

रामसाय पैंकरा की मृत्यु न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पुलिस विभाग और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने चार दशकों से भी अधिक समय तक समाज की सेवा की और अपने कार्यकाल में हमेशा अनुशासन, सजगता और निष्ठा की मिसाल पेश की।

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग ने एक ऐसा अधिकारी खोया है जिसकी कर्मठता और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा।

error: Content is protected !!
Latest