Homeक्राइमबिलासपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: कार में बैठकर मोबाइल से...

बिलासपुर में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: कार में बैठकर मोबाइल से लगवा रहे थे दांव, 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹17 लाख की जप्ती

बिलासपुर। शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर लगाम कसने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसीसीयू टीम और थाना सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाने वाले तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी एक कार के अंदर बैठकर मोबाइल के जरिए हार-जीत का दांव लगवा रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में अवैध सट्टा गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG10BD8888) में तीन व्यक्ति ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा।

कार की तलाशी लेने पर तीनों आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा खिलाते पाए गए। पुलिस ने मौके से ₹5,01,300 नगद, 4 मोबाइल फोन और करीब ₹10 लाख कीमत की क्रेटा कार जब्त की। इस तरह कुल लगभग ₹17 लाख की संपत्ति जप्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामेश्वर गुप्ता उर्फ दउवा (40), दीपचंद सोनकर उर्फ चिंटू (32) और सीताराम साहू (36) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की है। साथ ही पुलिस को अन्य थाना क्षेत्रों में भी इनके नेटवर्क के सक्रिय होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 7(2) और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आईपीएल सीजन के दौरान इस तरह के अवैध सट्टा कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts