Monday, April 20, 2026
Homeक्राइममोबाइल टॉवरों को निशाना बनाकर महीनों से सक्रिय केबल चोरी गैंग का...

मोबाइल टॉवरों को निशाना बनाकर महीनों से सक्रिय केबल चोरी गैंग का बिलासपुर पुलिस ने किया भंडाफोड़, लाखों का माल बरामद…

बिलासपुर।
जिले के सीपत थाना पुलिस ने मोबाइल टॉवरों से केबल तार चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के कॉपर और एल्युमिनियम केबल तार, तार काटने के औजार तथा एक आर्टिका कार बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खम्हरिया के सोंठी रोड बाजार के पास कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। वे दिनभर एक कमरे में रहते हैं और रात के समय एक कार में घूमने निकलते हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी सीपत ने टीम गठित कर घेराबंदी की, जहां से मुख्य आरोपी शहबाज अली सहित अन्य साथियों को हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि वे पिछले चार-पांच महीनों से संगठित रूप से गिरोह बनाकर बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम और कोरबा जिलों के विभिन्न क्षेत्रों—तखतपुर, काठाकोनी, चोरभट्ठी, गनियारी, जयाराम नगर, कुंडा और अकलतरा—में मोबाइल टावरों से कॉपर और एल्युमिनियम केबल तार चोरी कर रहे थे।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। इसमें करीब 1 क्विंटल 2 किलोग्राम छीला हुआ कॉपर केबल वायर (कीमत 1,22,400 रुपये), 54 किलोग्राम प्लास्टिक कोटेड कॉपर केबल (कीमत 1,08,000 रुपये) तथा 12 बंडल एल्युमिनियम तार (कीमत 60,000 रुपये) शामिल हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 2,90,400 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त सफेद रंग की आर्टिका कार भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में शहबाज अली (25 वर्ष), जगदीश कुमार पटेल (24 वर्ष) और मोईउद्दीन (27 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खम्हरिया थाना सीपत शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, गिरोह में शामिल तीन नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरोह काफी समय से सक्रिय था और विभिन्न जिलों में मोबाइल टावरों को निशाना बना रहा था। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही केबल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। साथ ही, पुलिस अन्य संभावित वारदातों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights