Homeक्राइमआलीशान फ़ार्म हाउस में सजती थी जुए की महफ़िल, पुलिस के छापे...

आलीशान फ़ार्म हाउस में सजती थी जुए की महफ़िल, पुलिस के छापे में खुला ‘हाईप्रोफाइल जुआ सिंडिकेट’; फ़ार्म मालिक समेत 8 गिरफ्तार…

बिलासपुर। शहर के बाहरी इलाके गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फ़ार्म हाउस में देर रात चल रही हाईप्रोफाइल जुए की महफ़िल पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए फ़ार्म हाउस मालिक समेत आठ जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई इतनी गोपनीय और तेज़ थी कि जुआ खेलने में मशगूल लोग संभल भी नहीं पाए और लाखों की नगदी, मोबाइल और लग्जरी गाड़ियों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए राजनेश सिंह ने बताया कि सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फ़ार्म हाउस में दबिश दी, जहां बड़े पैमाने पर जुआ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 3 लाख 80 हजार रुपए नगद, 11 मोबाइल फोन और 5 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपए बताई जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस फ़ार्म हाउस में यह जुए का अड्डा संचालित हो रहा था, उसका मालिक खुद मनीष शर्मा भी जुआ खेलते पकड़ा गया। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को गैर जमानती धाराओं के तहत गिरफ्तार किया है, जिससे यह साफ संकेत गया है कि अब जुए और अवैध गतिविधियों पर पुलिस नरमी बरतने के मूड में नहीं है।

गिरफ्तार आरोपियों में ओम नगर निवासी रोशन सिंह, राजीव गांधी चौक निवासी मुन्ना गोयल, मंगला निवासी विकास सिंह, विद्यानगर निवासी मनीष शर्मा और नीरज शर्मा, सकरी निवासी दीपक अग्रवाल, तखतपुर निवासी चंद्रकिशन अग्रवाल तथा तिफरा निवासी मयंक सोनकर शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक वृंदावन ग्रीन फ़ार्म हाउस में लंबे समय से देर रात तक संदिग्ध गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। बताया जा रहा है कि यहां शहर के रसूखदार और कारोबारी वर्ग के लोग अक्सर जुटते थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस जुआ नेटवर्क का संबंध किसी बड़े सिंडिकेट या अन्य अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है।

शहर में लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियों के बीच यह कार्रवाई कई सवाल भी खड़े कर रही है। आखिर इतने लंबे समय तक फार्म हाउस में जुए का खेल चलता रहा और स्थानीय स्तर पर इसकी भनक किसी को क्यों नहीं लगी? क्या इस पूरे नेटवर्क को संरक्षण प्राप्त था? पुलिस अब इन पहलुओं पर भी जांच तेज करने की तैयारी में है।

फ़िलहाल इस हाईप्रोफाइल रेड के बाद शहर के जुआ कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पुलिस इसे आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई का संकेत मान रही है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts