बिलासपुर। शहर में बढ़ती चाकूबाजी और नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने बिलासपुर पुलिस ने अब अपराधियों के घर और संभावित ठिकानों तक दस्तक देना शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने जिलेभर में 50 से अधिक आदतन चाकूबाजों, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और अन्य आदतन अपराधियों के खिलाफ विशेष रेड और सघन चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की टीमें चिन्हित अपराधियों के संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर पहुंचीं। पुलिस ने सिर्फ औपचारिक पूछताछ तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले लोगों, नशे का अवैध कारोबार करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
चाकूबाजी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने ऐसे लोगों को विशेष रूप से चिन्हित किया है, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या जो लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं। पुलिस टीमों ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए उन्हें साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अपराध की दुनिया से दूरी बनाए रखें। किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि में संलिप्तता पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभियान के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया कि क्षेत्र में हथियार लेकर घूमने वाले संदिग्ध कौन हैं और नशे के अवैध कारोबार का नेटवर्क किन लोगों के जरिए संचालित हो रहा है। संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाकर पुलिस ने अपनी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। पुलिस का साफ संदेश है कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड या आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान महज एक दिन की कार्रवाई तक सीमित रहने वाला नहीं है। पुलिस के मुताबिक चाकूबाजों, नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। आने वाले दिनों में भी संभावित ठिकानों पर इसी तरह की सघन चेकिंग और रेड की कार्रवाई जारी रहेगी।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति हथियार लेकर घूमता है, नशे का अवैध कारोबार करता है या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी और नशे से जुड़ी गतिविधियों के बीच पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों को सीधा संदेश है—इलाके में अपराध किया तो पुलिस की नजर से बचना आसान नहीं होगा।


