
बिलासपुर। शहर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए दिसंबर का महीना खास होने जा रहा है। अग्रोहा मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित अग्रवाल प्रीमियर लीग (APL) 2.0 इस बार पहले से ज्यादा भव्य और रोमांचक होने जा रही है। 17 से 20 दिसंबर तक बिलासपुर के मिनी स्टेडियम में चार दिनों तक क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता में इस बार 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें कुल 120 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
खास बात यह है कि इस बार अग्रवाल प्रीमियर लीग को केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे प्रदेश स्तरीय स्वरूप देने की पहल की गई है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रत्येक जिले से दो-दो खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जबकि शेष खिलाड़ी बिलासपुर से होंगे। इससे प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और क्रिकेट का रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।

आयोजन समिति के संरक्षक ओम मोदी ने बताया कि अग्रवाल प्रीमियर लीग का यह दूसरा संस्करण है। पिछले वर्ष आयोजित पहले संस्करण को खिलाड़ियों और दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। पहले साल जहां 6 टीमों ने हिस्सा लिया था, वहीं इस बार प्रतियोगिता का विस्तार करते हुए टीमों की संख्या बढ़ाकर 8 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा था और इस बार भी दर्शकों को शानदार क्रिकेट देखने को मिलेगा। प्रतियोगिता का आगाज 17 दिसंबर को होगा और 20 दिसंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।
इस बार प्रतियोगिता का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी आकर्षक पुरस्कार राशि भी होगी। आयोजन समिति के सदस्य नितिन बेरीवाल ने बताया कि विजेता टीम को 2 लाख 22 हजार रुपए नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख 11 हजार रुपए और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज चार घंटे के भीतर ही सभी 120 खिलाड़ियों का पंजीयन पूरा हो गया। रायपुर, रायगढ़ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
अग्रवाल प्रीमियर लीग का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ समाज के लोगों को खेल के माध्यम से जोड़ना भी है। प्रतियोगिता के जरिए युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
इस बार 6 की जगह 8 टीमों की भागीदारी, प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों की मौजूदगी और लाखों रुपए की आकर्षक पुरस्कार राशि ने APL 2.0 को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें 17 दिसंबर पर टिकी हैं, जब बिलासपुर के मिनी स्टेडियम में चौकों-छक्कों की गूंज के बीच अग्रवाल प्रीमियर लीग के दूसरे संस्करण का आगाज होगा।

