
बिलासपुर। लोकतंत्र की बुनियाद जनता का वोट है और इसी वोट की निष्पक्षता को लेकर कांग्रेस ने अब मोहल्लों और गांवों तक अपनी आवाज पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के निर्देश पर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अंतर्गत तिफरा-सिरगिट्टी मंडल में जनचौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, स्थानीय ग्रामीणों और आम नागरिकों ने भाग लेकर मतदाता सूची की शुद्धता, कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
जनचौपाल में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि देश के अलग-अलग हिस्सों से मतदाता सूची में अनियमितताओं और वोटों में हेराफेरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि लोकतंत्र में सत्ता का असली आधार जनता का जनादेश होता है। ऐसे में यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से सूची से हटाया जाता है, फर्जी नाम जोड़े जाते हैं या मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी होती है, तो यह नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर सवाल बन जाता है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव केवल राजनीतिक दलों के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की प्रक्रिया है। इस विश्वास को बनाए रखने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया का स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी होना जरूरी है। मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने मतदाता सूची की शुद्धता और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
वहीं मंडल अध्यक्ष संत सर्वे ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक को भी इसके लिए आगे आना होगा। लोगों को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए और मतदाता सूची में अपना नाम तथा अन्य जानकारियां समय-समय पर जांचते रहना चाहिए।
जनचौपाल में ग्रामीणों ने भी चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि गांव-गांव, वार्ड-वार्ड और प्रत्येक बूथ तक पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, पूर्व मंडी अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, कार्यक्रम प्रभारी पवन साहू, पार्षद गायत्री साहू, मनहरण कौशिक, राकेश यादव, महेश ठाकुर, रोमहर्ष शर्मा, अमित यादव, संजीव पाल, बाबा खान, राजेश साहू, गोविन्द यादव, दिनेश यादव, असद खान, रमजान खान, रमाकांत साहू, गौरव सिंह ठाकुर, आशीष वर्मा, गोविन्द मानिकपुरी, संजू कौशिक, रहस सूर्यवंशी, भागवत श्रीवास, प्रताप वर्मा, एल.के. लड़िया, फूलचंद लहरे, वेद रात्रे, संतराम यादव, लोचन यादव, नरसिंह वैष्णव, चंदन सूर्यवंशी, दल्लू कौशिक, दिलीप कश्यप, मनदीप, माखन अनंत, सोमेश चौहान, आशीष सिंह, केदार कौशिक, मुकेश घृतलहरे, वीरेंद्र घृतलहरे सहित युवा कांग्रेस के अक्षय नवरंग, सचिन भवानी, आकाश यादव, दौलत साहू, संतोष श्रीवास, नवीन साहू और सुनील यादव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

