क्राइम

भाई दूज मनाकर लौट रहे भाइयों पर बदमाशों का हमला, बेल्ट और लात-घूंसों से पीटकर लूटे दो मोबाइल; पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा

गनियारी के चक्राकुंड मोड़ पर तीन युवकों ने रास्ता रोककर की मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे भाई को भी बनाया निशाना; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया

बिलासपुर। भाई दूज का त्योहार मनाकर घर लौट रहे दो भाइयों को ग्राम गनियारी में बदमाशों की दबंगई का सामना करना पड़ा। रास्ते में रोककर पहले गाली-गलौज की गई, फिर लात-घूंसों और बेल्ट से मारपीट कर दोनों के मोबाइल फोन लूट लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। लेकिन कोटा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसी घेराबंदी की कि प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 नवंबर की रात करीब 10 बजे ग्राम गनियारी के चक्राकुंड मोड़ के पास की है। दर्रिकापा निवासी महेंद्र कुमार पोर्ते अपने बड़े पिताजी के बेटे के साथ बिलासपुर में भाई दूज का त्योहार मनाकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गनियारी के पास रास्ते में रुकने पर एक मोटरसाइकिल में सवार युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने बेवजह गाली-गलौज शुरू कर दी और प्रार्थी के भाई के साथ लात-घूंसों से मारपीट करने लगे।

भाई को पिटता देख महेंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने बेल्ट से उनकी पिटाई की और दोनों भाइयों के मोबाइल फोन जबरन लूटकर जान से मारने की धमकी देते हुए गनियारी बस्ती की ओर भाग निकले। त्योहार मनाकर घर लौट रहे परिवार के लिए यह घटना किसी खौफनाक अनुभव से कम नहीं थी।

घटना की रिपोर्ट मिलते ही कोटा पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और मिली सूचना के आधार पर दबिश देकर मुख्य आरोपी कुनानू वर्मा उर्फ नानू वर्मा (27 वर्ष), निवासी वर्मा मोहल्ला, ग्राम गनियारी को एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की। गिरफ्तार आरोपी कुनानू वर्मा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

कोटा पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मारपीट और लूटपाट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2), 309(4) एवं 304(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल, दीप सिंह कंवर और विनोद यादव की विशेष भूमिका रही।

error: Content is protected !!
Latest