
बिलासपुर। ठंड से बचने के लिए आग जलाने की तैयारी में लकड़ी तोड़ने जैसी मामूली बात ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि अशोक नगर सरकंडा स्थित अटल आवास में एक युवक की जान चली गई। 17 नवंबर की रात डी-ब्लॉक में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर जानलेवा हमले किए गए। इस हिंसक संघर्ष में मयंक ध्रुव की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10:30 बजे अटल आवास डी-ब्लॉक की छत पर कुछ लोग ठंड से बचने के लिए आग जलाने हेतु लकड़ियां पटक-पटककर तोड़ रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद दोनों पक्ष नीचे आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों ओर से मारपीट और जान से मारने की धमकियों के बीच धारदार हथियार निकल आए।
एक पक्ष की ओर से श्रवण ध्रुव की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1691/2026 दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, भोलू उर्फ विकास मानिकपुरी और सुदामा साहू पर एकराय होकर मारपीट करने का आरोप है। आरोप है कि इसी दौरान आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी ने मयंक ध्रुव पर धारदार हथियार से सीने, पेट और पीठ पर लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल मयंक को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खूनी संघर्ष में दूसरा पक्ष भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। विकास मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1692/2026 के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। इस पक्ष की रिपोर्ट में श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव पर गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया है। हमले में विकास मानिकपुरी के सिर पर चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू भी धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
हत्या के प्रकरण में पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23 वर्ष), निवासी अटल आवास क्यू-ब्लॉक अशोक नगर तथा गोपाल सोनी (19 वर्ष), निवासी अटल आवास डी-ब्लॉक अशोक नगर शामिल हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। वहीं, घटना में घायल दो अन्य आरोपियों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। उनके स्वस्थ होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
अटल आवास की यह घटना एक बार फिर बताती है कि मामूली विवाद जब गाली-गलौज, आक्रामकता और हथियारों तक पहुंच जाता है, तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है। ठंड से बचने के लिए आग जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। एक युवक की जान चली गई, कई लोग अस्पताल पहुंच गए और अब पुलिस को दोनों पक्षों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर घटना की पूरी सच्चाई सामने लानी है।

