Monday, March 2, 2026
Homeदुनियाभारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की 315 पहुंची, एक दिन...

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की 315 पहुंची, एक दिन में सामने आये सबसे ज्यादा केस,  दुनियाभर में 11,737 लोगों की मौत

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ कर 315 हो गया है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने शनिवार (21 मार्च) को यह जानकारी दी। कई राज्यों ने इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लोगों की आवाजाही और भीड़भाड़ को सीमित करने के अलावा कई एहतियाती उपायों की घोषणा की है।

देश में रविवार (22 मार्च) सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक जनता कर्फ्यू है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार (19 मार्च) को लोगों से सामाजिक मेल जोल से दूर रहने की अपील करते हुए कहा था कि आवश्यक सेवाओं को छोड़ कर अन्य लोग घरों से बाहर नहीं निकलें।

आईसीएमआर ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या, जिनकी पुष्टि हुई है, 315 हो गई है जिसमें 92 नए मामले शामिल हैं। यह देश में किसी एक दिन में सबसे ज्यादा मामला है। इस आंकड़े में दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और महाराष्ट्र में हुई चार मौतें भी शामिल हैं।

दुनियाभर में 11,737 लोगों की मौत

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दिसंबर में चीन से फैले कोरोना वायरस से शनिवार तक दुनियाभर में 11,737 लोगों की मौत हो गई। इस वायरस ने 164 देशों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे 277,106 संक्रमित हुए। इटली में 47,021 मामलों में से 4,032 लोगों की मौत दर्ज की गई जबकि 5,129 लोगों की सेहत में सुधार हुआ। चीन में 81,008 मामले सामने आए, इनमें से 3,255 लोगों की जान चली गई और 71,740 मरीज ठीक हुए। इटली और चीन के बाद सर्वाधिक ईरान में 1,556 मौत जबिक स्पेन में 1,326 और फ्रांस में 450 लोगों की मौत हो गई।

करीब एक अरब लोग घरों में रहने को मजबूर

एएफपी की गणना के मुताबिक, दुनियाभर के 35 देशों में रहने वाले करीब 90 करोड़ लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, इनमें करीब 60 करोड़ लोग सरकारी प्रतिबंध के कारण घरों में हैं। कोलंबिया भी मंगलवार (24 मार्च) शाम से अनिवार्य एकांतवास लागू करेगा। ठीक ऐसा ही कदम तूनिसिया में रविवार (22 मार्च) से उठाया जाएगा। अमेरिका में भी सात राज्यों कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, इलिनोइस, पेनसिलवेनिया, न्यू जर्सी, कनेक्टिकट और नेवादा ने लोगों को घरों में रहने का आदेश दिया है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights