दुर्ग। शहर में शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की संयुक्त टीम ने नामचीन सहेली ज्वेलर्स के ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित तौर पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने ज्वेलर्स के संचालक से पूछताछ शुरू कर दी है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
इसी के साथ, ईडी की एक अन्य टीम आईपीएस अभिषेक पल्लव के निवास पर भी पहुंची है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई महादेव बैटिंग एप प्रकरण से संबंधित है। अधिकारियों ने यहां भी तलाशी की प्रक्रिया शुरू की है और संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि शराब घोटाला और महादेव ऐप, दोनों ही मामले इन दिनों छत्तीसगढ़ में बड़े राजनीतिक और आर्थिक विवाद का केंद्र बने हुए हैं। ED और CBI की इस संयुक्त कार्रवाई को इन मामलों में ठोस सबूत जुटाने के रूप में देखा जा रहा है।
फिलहाल, दोनों ही मामलों में अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन छापेमारी की खबर फैलते ही शहर में चर्चा का दौर तेज हो गया है। सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई देर शाम तक जारी रह सकती है और इसमें कई और ठिकाने भी शामिल किए जा सकते हैं।


