Homeक्राइमदुर्गा पंडाल के पीछे बैठा था युवक, अचानक धारदार हथियार से हमला;...

दुर्गा पंडाल के पीछे बैठा था युवक, अचानक धारदार हथियार से हमला; सिम्स में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित…

बिलासपुर। शहर के थाना सरकंडा के अंतर्गत आने वाले मोपका चौकी क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। मोहल्ले के ही एक युवक ने धारदार हथियार से गला रेतकर 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक दिनेश कुमार सूर्यवंशी पिता भुवनलाल सूर्यवंशी (उम्र 35 वर्ष, निवासी भाटापारा मोपका) रविवार की रात मोहल्ले में स्थित दुर्गा पंडाल के पीछे बैठा हुआ था। तभी अचानक उसी मोहल्ले का रहने वाला कमलेश सूर्यवंशी पिता पुरुषोत्तम सूर्यवंशी (उम्र 25 वर्ष) वहां पहुँचा और बिना किसी विवाद के उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने सीधे दिनेश के गले पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोग और परिजन घायल दिनेश को तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुँचे। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद दिनेश को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार और मोहल्ले में मातम पसर गया।

वारदात के बाद आरोपी कमलेश मौके से फरार हो गया था। घटना की खबर मिलते ही थाना सरकंडा पुलिस और मोपका चौकी की टीम हरकत में आई और देर रात ही उसे हिरासत में ले लिया।

पड़ोसियों और परिजनों का कहना है कि आरोपी कमलेश लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका व्यवहार अक्सर असामान्य रहता था। फिलहाल पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे कोई और वजह थी या यह मानसिक असंतुलन का परिणाम।

घटना के बाद पूरे मोपका क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दुर्गा पंडाल के पास हुई इस वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में भय और गुस्सा है। पुलिस ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है।

थाना सरकंडा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts