कोरबा। शहर में बुधवार देर रात सामने आए एक भयावह तिहरे हत्याकांड ने पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े चर्चित कारोबारी अशरफ मेमन, एक स्थानीय युवक और बिलासपुर के एक युवक की उनके फार्महाउस में गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल टीम रात में ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार यह घटना कोरबा शहर के आसपास स्थित मेमन के फार्महाउस की है। फार्महाउस के भीतर तीनों शव एक ही स्थान पर मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सभी को योजनाबद्ध तरीके से एक साथ निशाना बनाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या को बेहद क्रूर बताया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे लगातार पूछताछ की जा रही है तथा पुलिस हत्या के कारणों और संभावित साजिश के कोणों पर काम कर रही है।
फार्महाउस से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

मामला सामने आने के बाद से कोरबा शहर में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। अशरफ मेमन स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय कारोबारी के रूप में जाने जाते थे, ऐसे में उनकी हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोग इसे सोची-समझी साजिश मान रहे हैं और पुलिस से शीघ्र खुलासा किए जाने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद हत्या के समय, तरीके और संघर्ष के बारे में और अधिक स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम
तिहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है, जो टेक्निकल और फिजिकल एविडेंस के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा किया है।


