बिलासपुर। ग्राम पंचायत चोर भट्टी खुर्द के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी है। बीती रात हुए इस दर्दनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनबोध यादव बुधवार रात करीब 8 बजे स्कूटी पर घर से टहलने निकले थे। देर रात तक जब वे लौटकर घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता हुई। गुरुवार सुबह उनकी तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान परिजनों को गांव के पास स्थित पोल्ट्री फार्म के नजदीक मनबोध यादव का शव खून से सना पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर पता चला कि उनके सिर पर धारदार हथियार से कई चोटें थीं। घातक हमले के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। यह देखते ही गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संदेहास्पद गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश जारी है, हत्या के पीछे की वजहों पर विभिन्न एंगल से जांच की जा रही है। स्थानीय लोग पूर्व सरपंच की हत्या से आक्रोशित हैं और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मनबोध यादव गांव में सक्रिय और लोकप्रिय व्यक्ति माने जाते थे। उनकी हत्या से गांव में शोक और तनाव का वातावरण है। परिजन हत्या को सुविचारित हमला बता रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


