बिलासपुर

बिलासपुर में उद्योग-व्यापार को 193 करोड़ की बड़ी सौगात, सेंट्रल बैंक ने 80 उद्यमियों को सौंपे ऋण स्वीकृति पत्र; अब निवेश, कारोबार और रोजगार बढ़ाने की चुनौती…

मुंबई मुख्यालय की मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर की मौजूदगी में हुआ एमएसएमई मेगा आउटरीच कार्यक्रम, वर्षों से बैंक से जुड़े प्रतिष्ठित कारोबारियों का शॉल-श्रीफल से सम्मान

बिलासपुर। बिलासपुर के उद्योग और व्यापार जगत को वित्तीय मजबूती देने की दिशा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने बड़ी पहल की है। शुक्रवार को आयोजित एमएसएमई मेगा आउटरीच कार्यक्रम में बैंक ने 80 हितग्राहियों को कुल 193 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इतनी बड़ी राशि के ऋण स्वीकृत होना इस बात का संकेत है कि बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में उद्योग, कारोबार और निवेश की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब इन स्वीकृतियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को कितनी गति मिलती है और रोजगार के कितने नए अवसर पैदा होते हैं, इस पर सबकी नजर रहेगी।

सीएमडी चौक स्थित लायंस क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 100 उद्यमियों और व्यवसायियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को बैंक की विभिन्न एमएसएमई ऋण योजनाओं, वित्तीय उत्पादों और सुविधाओं से जोड़ना तथा उनके कारोबार की जरूरतों के अनुरूप आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई मुख्यालय की मुख्य महाप्रबंधक (CGM) कविता ठाकुर उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, बिलासपुर की महाप्रबंधक कविता दार्रो तथा जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष सतीश शाह शामिल हुए।

193 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्रों का वितरण कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू रहा। एमएसएमई सेक्टर को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। छोटे और मध्यम उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ उत्पादन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती देते हैं। ऐसे में उद्यमियों को मिलने वाली यह वित्तीय सहायता उनके कारोबार के विस्तार, आधुनिकीकरण और नई परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

कार्यक्रम में बैंक के साथ वर्षों से जुड़े प्रतिष्ठित और पुराने ग्राहकों को भी विशेष सम्मान दिया गया। मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर ने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर प्रमुख उद्यमियों और व्यवसायियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रुक्मणी पावर प्राइवेट लिमिटेड के संजय अग्रवाल, आधारशिला बिल्डर्स के अजय श्रीवास्तव, मनजीत सिंह गुंबर, गुरप्रीत सिंह, अमरेश मेहता, होटल जी.के. टाउनशिप के गोपाल अग्रवाल और श्याम ग्रुप ऑफ कंपनीज के निदेशक रमेश सुल्तानिया शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक कविता ठाकुर ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए बैंक की विभिन्न एमएसएमई योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया कारोबारियों के व्यवसाय विस्तार, आधुनिकीकरण और नई परियोजनाओं के लिए एक विश्वसनीय वित्तीय सहयोगी के रूप में हमेशा तत्पर है। उन्होंने बैंक और ग्राहकों के बीच वर्षों से कायम विश्वासपूर्ण संबंधों को बैंक की महत्वपूर्ण पूंजी बताया।

कार्यक्रम का आयोजन रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख प्रफुल्ल बंसल के नेतृत्व में किया गया। रायपुर क्षेत्र के मुख्य प्रबंधक पवन कुमार ने कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और बिलासपुर क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रमुख भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन बैंक अधिकारी पल्लवी तिवारी ने किया। समापन अवसर पर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बिलासपुर मुख्य शाखा के शाखा प्रमुख सरोज कांता स्वैन ने सभी अतिथियों, उद्यमियों और गणमान्य नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बैंक के ब्रांच पीआरओ कमलेश अग्रवाल ने बताया कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उद्यमियों के साथ दीर्घकालीन और विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित कर उनके व्यावसायिक विकास में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की महत्वपूर्ण आधारशिला है। बैंक भविष्य में भी नए और स्थापित उद्यमियों को उनकी जरूरतों के अनुरूप सरल, सुलभ और समयबद्ध वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बिलासपुर में 193 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्रों का वितरण बैंक और उद्योग जगत के बीच मजबूत होते तालमेल की बड़ी तस्वीर पेश करता है। हालांकि किसी भी वित्तीय पहल की असली सफलता केवल स्वीकृत ऋण की राशि से नहीं, बल्कि उससे खड़े होने वाले नए उद्योगों, बढ़ते कारोबार, उत्पादन और रोजगार के अवसरों से तय होती है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि सेंट्रल बैंक की यह पहल बिलासपुर के औद्योगिक और व्यावसायिक विकास को नई दिशा देगी।

error: Content is protected !!
Latest