बिलासपुर, 04 फरवरी 2026/
कुमार साहब स्व. दिलीप सिंह जूदेव शासकीय सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, कोनी में स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के तत्वावधान में स्पाइन रोगों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों के लिए विशेष निःशुल्क उपचार एवं स्पाइन सर्जरी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 03, 04 एवं 05 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा, जिसमें चयनित मरीजों की निःशुल्क शल्यक्रिया की जाएगी।
शिविर में स्पाइन फाउंडेशन इंडिया के विश्वप्रसिद्ध स्पाइन सर्जन डॉ. शेखर भोजराज के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ टीम द्वारा मरीजों का उपचार एवं ऑपरेशन किया जाएगा। इस जनहितकारी पहल में छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) बिलासपुर के अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक) विभाग की सक्रिय भागीदारी रहेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर भी उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मरीजों की प्राथमिक जांच एवं स्क्रीनिंग के लिए सिम्स बिलासपुर के अस्थि रोग विभाग में प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्पाइन क्लिनिक संचालित किया जाएगा। यहां मरीजों की जांच, परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन के बाद जरूरतमंद मरीजों को स्पाइन सर्जरी के लिए रिफर किया जाएगा।
शिविर में विशेष रूप से निचले अंगों में फैलने वाला कमर दर्द, मल एवं मूत्र पर नियंत्रण न रहना, झुनझुनी या सुन्नता, पैरों में कमजोरी, गर्दन दर्द, रीढ़ की असामान्य वक्रता (स्कोलियोसिस/काइफो-स्कोलियोसिस) तथा अन्य जटिल स्पाइन समस्याओं से पीड़ित मरीजों को लाभ मिलेगा।
इस शिविर के नोडल अधिकारी डॉ. रवि महोबिया, अस्थि रोग विशेषज्ञ को अधिकृत किया गया है, जिनसे संपर्क कर मरीज या उनके परिजन आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह निःशुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर सामाजिक सरोकार और जनहित की भावना से आयोजित किया जा रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण अंचलों के स्पाइन रोग से पीड़ित मरीजों के लिए नई उम्मीद की किरण साबित होगा।


