Monday, May 18, 2026
Homeक्राइमपूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट का आरोपी गिरफ्तार; भूपेश...

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट का आरोपी गिरफ्तार; भूपेश बघेल ने साधा सरकार पर निशाना…

रायपुर। धरमलाल कौशिक से मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट की घटना ने राजधानी रायपुर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार सुबह हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी शंकर नगर इलाके में एक बिल्डर के यहां चौकीदारी का काम करता है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मौका देखकर झपट्टा मारते हुए कौशिक के हाथ से मोबाइल छीना और मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं सके।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह धरमलाल कौशिक रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात युवक ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई। कुछ घंटों की जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार और कानून-व्यवस्था पर तंज कसते हुए लिखा कि, “आप डायल 112 को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरम लाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर 9-2-11 हो गए।” उन्होंने आगे कहा कि जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं, उसी दौरान राजधानी में इस तरह की घटना होना कथित “सुशासन” पर तमाचा है।

इस घटना ने राजधानी रायपुर में बढ़ती झपटमारी और चोरी की घटनाओं को लेकर आम लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। खास बात यह है कि जब एक वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तक अपराधियों से सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में कोई और साथी शामिल था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts

error: Content is protected !!
Latest
Verified by MonsterInsights