रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तारीख में संशोधन किया है। मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर अटल नगर से जारी अधिसूचना के अनुसार अब प्रदेश में 27 मई 2026, बुधवार के स्थान पर 28 मई 2026, गुरुवार को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि इससे पूर्व विभाग की अधिसूचना 5 दिनांक 06 नवंबर 2025 के तहत वर्ष 2026 के लिए अवकाशों की सूची जारी की गई थी, जिसमें ईद-उल-जुहा (बकरीद) हेतु 27 मई 2026 को अवकाश घोषित किया गया था।
अब राज्य शासन ने उक्त आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए नई तारीख घोषित की है। यह निर्णय चांद दिखने और त्यौहार की संभावित तिथि को ध्यान में रखते हुए लिया गया माना जा रहा है।
अधिसूचना 26 मई 2026 को जारी की गई है और इसे राज्यपाल के नाम से तथा आदेशानुसार उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय द्वारा हस्ताक्षरित किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि सभी विभागाध्यक्षों, कलेक्टरों, संभागायुक्तों, न्यायालयों, बैंकिंग संस्थानों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
नई अधिसूचना के बाद अब प्रदेश के शासकीय कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक संस्थाओं में 28 मई को अवकाश रहेगा।


