Homeक्राइमतिफरा बाजार में खून से सना पुराना विवाद: फल व्यापारी पर चाकू...

तिफरा बाजार में खून से सना पुराना विवाद: फल व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला, ‘गोलू सर्किट’ रायपुर से गिरफ्तार…

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा बाजार में रविवार रात हुई चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। फल दुकान संचालक मनीष गोस्वामी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी दुर्गेश साहू उर्फ “गोलू सर्किट” को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले की जड़ में पुराना पारिवारिक विवाद और कथित अवैध संबंधों को लेकर उपजा गहरा आक्रोश था।

जानकारी के अनुसार 7 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे तिफरा बाजार चौक में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने पीछे से पकड़कर वार किया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनीष गोस्वामी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस हरकत में आई और अपराध क्रमांक 409/2026 के तहत हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस विवेचना में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। जांच के दौरान पता चला कि घायल मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ कथित संबंध था। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू लंबे समय से नाराज और आक्रोशित था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद ने आखिरकार खूनी रूप ले लिया और आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से मनीष गोस्वामी पर हमला कर दिया।

हमले के बाद फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान उसके रायपुर में छिपे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस की टीम रातोंरात रायपुर रवाना हुई और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हालांकि इस घटना ने तिफरा क्षेत्र में एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि व्यक्तिगत और पारिवारिक विवाद किस तरह हिंसा की शक्ल लेकर जानलेवा घटनाओं में बदल रहे हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है, जबकि घायल व्यवसायी की हालत को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts