Homeक्राइमचोरों ने काट डाला पूरा तार! तिफरा सेक्टर डी से 1 किमी...

चोरों ने काट डाला पूरा तार! तिफरा सेक्टर डी से 1 किमी बिजली तार चोरी, सिरगिट्टी पुलिस ने 24 घंटे में चार आरोपियों को दबोचा…

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा सेक्टर डी में सड़क रोशनी के लिए लगाए गए बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए बिजली पावर सप्लाई तार के चार बंडल और वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के अलग-अलग थानों में पहले से भी अपराध दर्ज हैं।

दरअसल, तिफरा सेक्टर डी में सड़क लाइट की व्यवस्था के लिए विद्युत पोल खड़े कर करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार बिछाया गया था। फिलहाल पावर सप्लाई बंद थी। इसी का फायदा उठाकर 9 और 10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब 45 हजार रुपये कीमत का बिजली तार काटकर ले गए। घटना की शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 571/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक एवं थाना प्रभारी आकाश चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुराग, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके साथ ही पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी बारीकी से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को चार संदिग्धों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद नीतेश पंडित, राजेश राय उर्फ रात्रे, विकास साण्डे और श्रीजीत जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चारों ने तिफरा सेक्टर डी से बिजली तार चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए बिजली पावर सप्लाई तार के चार बंडल बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 को भी जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक चोरी के इस नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ थाना अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा में भी अन्य आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में नीतेश पंडित पिता उमेश पंडित उम्र 22 वर्ष निवासी अमोरा थाना मुलमुला, राजेश राय उर्फ रात्रे पिता लालाराम उम्र 32 वर्ष निवासी मुरलीडीह थाना मुलमुला, विकास साण्डे पिता सुरेश साण्डे उम्र 22 वर्ष निवासी मुरलीडीह थाना मुलमुला और श्रीजीत जोशी पिता स्वर्गीय सूर्यकांत जोशी उम्र 30 वर्ष निवासी विद्युत नगर तिफरा शामिल हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है। महज 24 घंटे में चोरी की वारदात का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचना सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है। वहीं, आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड सामने आने के बाद पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि बिजली तार चोरी की ऐसी अन्य वारदातों में इनकी भूमिका रही है या नहीं।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts