Homeबिलासपुरएनटीपीसी सीपत में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह,...

एनटीपीसी सीपत में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह, 100 फीट ऊंचे तिरंगे का हुआ लोकार्पण…

बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत में 15 अगस्त 2026 को देशभक्ति और उत्साह के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। नगर परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर खेल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में परियोजना प्रमुख स्वपन कुमार मंडल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पूर्व राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ और ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की।

ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि स्वपन कुमार मंडल ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), डीजीआर तथा बाल भारती पब्लिक स्कूल की परेड का निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनटीपीसी वर्ष 1975 से देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ राष्ट्र के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी देशभर में लगभग 116 स्टेशनों के माध्यम से 91 हजार मेगावाट से अधिक विद्युत उत्पादन क्षमता के साथ देश की प्रगति में योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्थित विद्युत संयंत्रों में एनटीपीसी सीपत सर्वाधिक क्षमता वाले संयंत्रों में प्रमुख है। विद्युत उत्पादन के साथ एनटीपीसी सीपत सामाजिक, शैक्षणिक और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में एनटीपीसी सीपत ने करीब 21,500 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया।

बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह के दौरान बाल भारती पब्लिक स्कूल, बाल भवन, टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल एवं दिशा केंद्र के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों के सामूहिक नृत्य और प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

उत्कृष्ट कर्मचारियों और प्रतिभाओं का सम्मान

समारोह में एनटीपीसी के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें महाप्रबंधक योग्यता प्रमाण पत्र, पावर एक्सेल अवार्ड, एम्प्लॉई ऑफ द ईयर, मानवीयता पुरस्कार, बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड और हेल्थ चैंपियन अवार्ड सहित कई सम्मान शामिल रहे। मेधा प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में नेशनल चैंपियनशिप तथा सीनियर वर्ग में क्षेत्रीय स्तर पर प्रतिभागिता करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सीआईएसएफ एवं आईसीएच के कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिली उत्कर्ष छात्रवृत्ति

एनटीपीसी सीपत ने सामाजिक दायित्व के तहत परियोजना प्रभावित गांवों के विभिन्न विद्यालयों के 50 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ‘उत्कर्ष छात्रवृत्ति’ प्रदान की। छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों में स्वामी आत्मानंद विद्यालय पंधी एवं सीपत, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, गतौरा एवं दर्राभाटा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत तथा शासकीय हाईस्कूल रांक एवं कौड़िया के विद्यार्थी शामिल रहे।

100 फीट ऊंचे तिरंगे का हुआ लोकार्पण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनटीपीसी सीपत के प्रशासनिक भवन ‘ऊर्जा भवन’ के समक्ष 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ का लोकार्पण भी किया गया। यह विशाल तिरंगा परिसर में राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का नया प्रतीक बनकर सामने आया है।

इससे पूर्व डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सुरोजीत सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने माल्यार्पण कर राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को स्मरण किया। वहीं सर्विस बिल्डिंग स्टेज-1 में सुरोजीत सिन्हा ने ध्वजारोहण कर कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

बाल भवन और टाइनी ब्लॉसम में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

संगवारी महिला समिति द्वारा संचालित बाल भवन एवं टाइनी ब्लॉसम प्ले स्कूल में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। संगवारी महिला समिति की अध्यक्षा शिखा मंडल ने वरिष्ठ सदस्याओं की उपस्थिति में बाल भवन में ध्वजारोहण किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति की भावना प्रस्तुत की।

समारोह में संगवारी महिला समिति की वरिष्ठ सदस्याएं, कपिल सुधाकर कामडी, डिप्टी कमांडेंट सीआईएसएफ, शलभ निगम, प्राचार्य बाल भारती पब्लिक स्कूल, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, सीआईएसएफ जवान तथा उज्ज्वल नगरवासी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे आयोजन में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के विकास के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देखने को मिला।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts