Homeक्राइमपुरानी रंजिश में मारपीट से मौत: कोलकाता समेत कई राज्यों में छिपा...

पुरानी रंजिश में मारपीट से मौत: कोलकाता समेत कई राज्यों में छिपा आरोपी अधिवक्ता गिरफ्तार, तोरवा पुलिस ने घर पहुंचते ही दबोचा…

बिलासपुर। पूर्व रंजिश में हुई मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मौत के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को तोरवा पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेशे से अधिवक्ता बताया गया है, जो घटना के बाद पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता समेत अन्य राज्यों में ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस को उसके घर लौटने की सूचना मिली और टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला थाना तोरवा क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 280/2026 में धारा 105, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष पासवान पिता ओमप्रकाश पासवान, उम्र 35 वर्ष, निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 29 मई 2026 को पूर्व रंजिश को लेकर संतोष पासवान ने अपने अन्य साथियों के साथ परिचित ईश्वर गोड के साथ मारपीट की थी। मारपीट में ईश्वर गोड को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद तोरवा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल मनोज वाडेकर और प्रत्युन साह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं मुख्य आरोपियों में शामिल संतोष पासवान घटना के बाद फरार हो गया और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी कोलकाता सहित अन्य राज्यों में छिपकर रह रहा है। इसके बाद पुलिस टीम लगातार उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की पतासाजी में जुटी रही। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने परिवार से मिलने के लिए घर आने वाला है।

सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस ने बिना मौका गंवाए रणनीति तैयार की और आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस टीम ने 20 अगस्त 2026 को संतोष पासवान को गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।

तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि गंभीर अपराध के बाद आरोपी कितनी भी दूर जाकर छिपे, पुलिस उसकी तलाश जारी रखती है और सही सूचना मिलते ही उसे कानून के शिकंजे में लाने की कार्रवाई की जाती है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts