Homeक्राइम4 ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला, CIMS में इलाज...

4 ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला, CIMS में इलाज के दौरान एक की मौत, पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार…

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में आवारा मवेशियों को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। फसल को मवेशियों से बचाने के लिए उन्हें गांव से बाहर भारतमाला सड़क किनारे छोड़कर लौट रहे लिमतरा के चार ग्रामीणों पर रलिया के लोगों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे और मुक्कों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चार ग्रामीण घायल हुए, जिनमें गंभीर रूप से घायल जीवन मेहर की सिम्स अस्पताल बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त की रात करीब 7 बजे ग्राम लिमतरा निवासी ग्रामीण अपने साथियों उमेश बरगाह, मुंडूल केंवट और जीवन मेहर समेत अन्य लोगों के साथ धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। खेतों में 15 से 20 आवारा मवेशियों के घुसकर फसल को नुकसान पहुंचाने पर ग्रामीणों ने उन्हें हांककर ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क के किनारे छोड़ दिया। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी रलिया भारतमाला रोड पुल के पास विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि रलिया के कुछ लोगों ने ग्रामीणों को रोककर मवेशियों को उनकी ओर लाने का आरोप लगाया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, हाथ और मुक्कों से ग्रामीणों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीण घायल हुए, जबकि मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जीवन मेहर ने दम तोड़ दिया। घटना में मारपीट का मामला अब हत्या में तब्दील होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई तेज कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सात आरोपियों को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में गजानंद पटेल (35), अजय चंद्राकर (28), अश्विनी पटेल (22), आलोक सिदार (18), कोमल चंद्राकर (22), लोमस चंद्राकर (19) और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू (29), सभी निवासी ग्राम रलिया, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडे एवं अन्य सामान भी जब्त किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मामूली विवाद से शुरू हुई यह घटना अब एक ग्रामीण की मौत तक पहुंच गई है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन फरार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच पर अब पुलिस की नजर है।

spot_img

advertisement

spot_img
RELATED ARTICLES

Recent posts