क्राइम

घर में घुसकर महिला से मारपीट, फावड़े से दरवाजा तोड़ा, फिर डायल 112 पर कुल्हाड़ी से किया हमला; पुलिस ने आदतन बदमाश को दबोचा…

शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर पड़ोसी महिला के घर में घुसकर की मारपीट और तोड़फोड़, समझाइश देने पहुंची पुलिस टीम को भी जान से मारने की धमकी देकर दौड़ाया; सरकारी वाहन के शीशे तोड़कर शासकीय संपत्ति को पहुंचाया नुकसान, फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगोई में एक आदतन बदमाश की दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर आरोपी ने पहले पड़ोसी महिला के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की। महिला की शिकायत पर मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। कुल्हाड़ी लेकर पुलिसकर्मियों को मारने के लिए दौड़ाया और सरकारी वाहन के सामने तथा बाईं ओर के कांच पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे की है। ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक निवासी नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान पड़ोसी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी (28 वर्ष) शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए जबरन उनके घर में घुस गया। महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। उसने महिला के साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ करते हुए महिला को मारने के लिए दौड़ाया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 वाहन क्रमांक CG03A2462 में तैनात आरक्षक 497 मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास कर रहे थे, तभी आरोपी घर के अंदर गया और कुल्हाड़ी लेकर बाहर निकल आया। उसने पुलिसकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन्हें मारने के लिए दौड़ाया। आरोपी ने कुल्हाड़ी से डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच पर हमला कर सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

महिला नेहा महेश्वरी की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1718/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 333, 119(1), 296, 115(2), 351(3) और 324(4) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। वहीं डायल 112 के आरक्षक मनीराम साहू की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 1719/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 221, 132, 296, 351(3) तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसानी पंचनामा तैयार किया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त कर ली।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी, पिता ईश्वर महेश्वरी, निवासी ग्राम नगोई स्कूल चौक, सरकंडा का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ पहले से कई अन्य प्रकरण दर्ज हैं। गंभीर और अजमानतीय धाराओं में अपराध दर्ज होने तथा पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

error: Content is protected !!
Latest