क्राइम

बिलासपुर में चाकू की नोक पर दहशत फैलाने वाले पांच नाबालिग पकड़े गए, एक ही रात तीन वारदातों को दिया था अंजाम…

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार गिरोह ने अलग-अलग इलाकों में दिया था वारदातों को अंजाम, तीन मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और बटनदार चाकू बरामद

बिलासपुर। शहर में देर रात सुनसान सड़कों पर बेखौफ होकर घूम रहे लुटेरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैला दी। कहीं चाकू दिखाकर मोबाइल लूटा गया तो कहीं राह चलते युवक का मोबाइल झपटकर आरोपी फरार हो गए। लगातार हुई इन घटनाओं से पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी। लेकिन सिविल लाइन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच नाबालिगों को पकड़कर तीनों मामलों का खुलासा कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि शहर की सड़कों पर लूट और झपटमारी की इन वारदातों में पांचों आरोपी नाबालिग निकले। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए तीन मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद किया है। विधि से संघर्षरत पांचों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना में 25 नवंबर को मुरुम खदान अशोक नगर सरकंडा निवासी 22 वर्षीय ललित कुमार यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से व्यापार विहार पार्सल लेने जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3:30 बजे तालापारा बजरंग चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर धमकाया और ओप्पो कंपनी का करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

दूसरी वारदात में बलरामपुर से बिलासपुर पहुंचे अक्षय कुमार गुप्ता को निशाना बनाया गया। वह रात करीब 3 बजे राजीव गांधी चौक से पैदल अपने किराये के मकान रवि हाइट्स जा रहा था। तैयबा चौक के पास स्कूटी सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए जेब से करीब 22 हजार रुपये कीमत का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया।

वहीं तीसरी घटना मंगला बाईपास रोड स्थित अमलताश कॉलोनी के पास हुई, जहां स्कूटी सवार युवकों ने अंकित पटेल को निशाना बनाते हुए उसका मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

एक ही रात में लगातार तीन वारदातों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को तत्काल अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर पतासाजी शुरू की।

इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लड़के लूटे गए मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां 5-6 लड़के समूह बनाकर आपस में चर्चा करते मिले। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर पांच को पकड़ लिया गया।

पूछताछ में पांचों नाबालिगों ने 24 नवंबर की दरम्यानी रात अलग-अलग स्थानों पर तीन मोबाइल लूटने और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीनों मोबाइल, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और एक बटनदार चाकू बरामद कर जब्त कर लिया।

इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 1586/2026, 1588/2026 और 1589/2026 के तहत बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पांचों विधि से संघर्षरत बालकों को विधिवत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

शहर में देर रात चाकू की नोक पर लूट और मोबाइल झपटमारी की घटनाएं एक गंभीर चेतावनी हैं। खासकर तब, जब ऐसी वारदातों में नाबालिगों की संलिप्तता सामने आ रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन मामलों का खुलासा जरूर हुआ है, लेकिन इन घटनाओं ने रात में सुनसान सड़कों पर आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!
Latest