Advertisement
देशराजनीति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संपत्ति में हुआ बड़ा इजाफा, 10 मंत्रियों की भी दौलत बढ़ी – PMO की रिपोर्ट…

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने पीएम नरेंद्र मोदी की संपत्ति घोषित कर दी है। इसके साथ ही PMO ने 10 मंत्रियों की संपत्ति की भी जानकारी दी है। पीएम मोदी की चल संपत्ति के मूल्य में वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 26.13 लाख रुपये का इजाफा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने गुजरात में एक आवासीय भूखंड में भी निवेश किया है।

उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी की चल संपत्ति मार्च 2021 के आखिर में 1,97,68,885 रुपये थी, जो मार्च 2022 में बढ़कर 2,23,82,504 रुपये हो गई है। इसमें फिक्स्ड डिपॉजिट, बैंक बैलेंस, नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट, लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी, बैंक बैलेंस, ज्वैलरी और कैश शामिल है। पीएम मोदी ने अचल संपत्तियों के कॉलम में ‘शून्य’ अंकित किया है। एक नोट में कहा गया कि, ‘अचल संपत्ति सर्वेक्षण क्रमांक 401 / A संयुक्त रूप से तीन अन्य संयुक्त मालिकों के साथ हिस्सेदार थे और हर एक के पास 25 फीसद के बराबर हिस्सा था। एक हिस्सा दान कर दिया गया है।’

गत वर्ष पीएम मोदी ने सर्वेक्षण संख्या 401/A सेक्टर -1, गांधीनगर में स्थित एक आवासीय भूखंड में एक चौथाई हिस्सा (3,531.45 वर्ग फुट) सूचीबद्ध किया था, जिसका बाजार मूल्य लगभग 1.10 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसके साथ ही PMO की वेबसाइट में 10 केंद्रीय मंत्रियों राजनाथ सिंह, आर के सिंह, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी, जी किशन रेड्डी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पुरुषोत्तम रूपाला, वी मुरलीधरन, फगन सिंह कुलस्ते और मुख्तार अब्बास नकवी (जिन्होंने 6 जुलाई 2022 को पदभार छोड़ दिया) की संपत्ति की भी जानकारी दी गई हैं। 30 कैबिनेट मंत्रियों में से 8 मंत्रियों की संपत्ति का ब्यौरा वेबसाइट पर उपलब्ध है और 45 राज्य मंत्रियों में से सिर्फ दो की डिटेल मौजूद हैं। दो राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) की संपत्ति की डिटेल उपलब्ध नहीं है।

केंद्रीय मंत्रियों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चल संपत्ति 29.58 लाख रुपये की बढ़त के साथ 31 मार्च, 2022 तक 2.24 करोड़ रुपये से बढ़कर 2.54 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, राजनाथ सिंह की अचल संपत्ति बीते 2 वर्षों के दौरान 2.97 करोड़ रुपये थी और अब भी उतनी ही है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 31 मार्च 2022 तक कुल 35.63 करोड़ रुपये की संपत्ति और 58 लाख रुपये की देनदारियों की जानकारी दी है। उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया ने 14.30 लाख रुपये की संपत्ति और 74,000 रुपये की देनदारी दर्शाई है। संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कुल 1.43 करोड़ रुपये की संपत्ति दिखाई है। किशन रेड्डी ने अपनी पत्नी जी काव्या के नाम 8.21 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति और 75.16 लाख रुपये की देनदारी भी बताई है।

वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की संपत्ति 1.62 करोड़ रुपये से बढ़ते हुए 1.83 करोड़ रुपये हो गई है। धर्मेन्द्र प्रधान ने अपनी पत्नी मृदुला टी प्रधान के नाम पर 2.92 करोड़ रुपये की संपत्ति की जानकारी दी है। केंद्रीय पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला की कुल संपत्ति 7.29 करोड़ रुपये दर्शाई गई है, जो गत वर्ष की तुलना में 1.42 करोड़ रुपये ज्यादा है। रूपाला ने अपनी पत्नी सविताबेन रूपाला की कुल संपत्ति 5.59 करोड़ रुपये दर्शाई, जो गत वर्ष की तुलना में 45 लाख रुपये ज्यादा है।

error: Content is protected !!