Advertisement
छत्तीसगढ़राजनीति

भाजपा में बड़ा बदलाव, अध्यक्ष अरुण साव की टीम में नए चेहरों को मौका, जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर…

छत्तीसगढ़ भाजपा का मिशन-2023 शुरू हो गया है। संगठन को मजबूत करने और भूपेश सरकार को आक्रमक रूप से घेरने शीर्ष नेतृत्व ने महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव कर दिए। अब प्रदेश संगठन में बदलाव हुए हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने रविवार देर शाम कार्यकारिणी में बदलाव कर दिया। अधिकांश पुराने नेताओं को साइड लगा दिया गया है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला फैसला प्रदेश कोषाध्यक्ष रहे गौरीशंकर अग्रवाल को हटाकर लिया गया है। भाजपा ने प्रदेश युवा मोर्चा में आदिवासी कार्ड खेलते हुए रवि भगत को भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। टीम में नए चेहरों को मौका मिला है। जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन के साथ छत्तीसगढ़ियावाद को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को देखते हुए बदलाव जारी है। 3 दिन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी को बदलकर ओम माथुर को जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को बदला गया। अरुण साव को जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष के तौर पर नारायण चंदेल को कमान सौंपी गई है। अब छत्तीसगढ़ भाजपा में पूरी टीम को नए सिरे से गढ़ा गया है। छत्तीसगढ़ में मिशन 2023 की लड़ाई और संगठन को मजबूत करने यह बदलाव हुए हैं। अरुण साव ने प्रदेश पदाधिकारियों, भाजपा मीडिया टीम, सोशल मीडिया टीम, आईटी संयोजक, प्रदेश प्रवक्ता, मोर्चा और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष बदल दिए हैं। नए संभागीय प्रभारियों की भी घोषणा की गई है। भाजपा के प्रदेश स्तरीय टीम में 60 प्लस वालों और डॉ. रमन सिंह खेमे के कई नेताओं की छुट्टी कर दी गई है। इस बदलाव के बाद अब जिला संगठनों में बदलाव होंगे। 26 जिलों के अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों को बदलने की तैयारी है।

प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री की घोषणा

भाजपा ने प्रदेश उपाध्यक्ष के लिए शिवरतन शर्मा, निर्मल सिन्हा, मधुसूदन यादव, लखनलाल देवांगन, भूपेन्द्र सवन्नी, सरला कोसरिया, उदेश्वरी पैकरा और लक्ष्मी वर्मा को जिम्मा सौंपी है। प्रदेश महामंत्री के लिए केदार कश्यप, विजय शर्मा, ओपी चौधरी को चुना गया है। प्रदेश महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी पवन साय को दी गई है। प्रदेश मंत्री के लिए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, अवधेश चंदेल, जगदीश रोहरा, परमेश्वर राजवाड़े, ओजस्वी मांडवी, किशोर महानंद, श्याम बाई साहू, महेश जैन को चुना गया है।

छत्तीसगढ़ भाजपा के यह होंगे प्रवक्ता

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रवक्ता के लिए अजय चंद्राकर मुख्य प्रवक्ता, राजेश मूणत, कृष्णमूर्ति बांधी, रंजना साहू, अनुराग सिंह देव, नीलू शर्मा, संदीप शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, देवलाल ठाकुर, दीपक म्हस्के, अमित साहू और नलनिश ठोकने को जिम्मेदारी दी गई है। रायपुर में नंदन जैन को छत्तीसगढ़ बीजेपी का प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने संभागीय प्रभारी भी बनाए हैं। संतोष पांडे को बस्तर का संभागीय प्रभारी, भूपेंद्र सवन्नी को दुर्ग संभागीय प्रभारी, किरण देव को बिलासपुर संभागीय प्रभारी, संजय श्रीवास्तव को सरगुजा संभागीय प्रभारी और सौरव सिंह को रायपुर का संभागीय प्रभारी बनाया गया है।

मोर्चा-प्रकोष्ठों में इन्हीं मिली जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत को बनाया गया है। प्रदेश महिला मोर्चा की जिम्मेदारी शालिनी राजपूत को दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा का जिम्मा पवन कुमार साहू को मिला है। प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कमान भरतलाल वर्मा को दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष अजजा मोर्चा का अध्यक्ष विकास मरकाम को बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष अजा मोर्चा की कमान नवीन मार्कंडेय को सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा का जिम्मा शकील अहमद को सौंपा गया है।

error: Content is protected !!